परिवार संग फ्रांस में छुट्टियां मना रहे कैप्टन कूल, एफिल टावर पर खींची तस्वीर हुई वायरल

आईपीएल 2024 की समाप्ति के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी अपने घर रांची में आ गए थे। रांची में उनकी मोटर साइकिल चलाते हुए एक वीडियो वायरल हुई थी। अब महेन्द्र सिंह धोनी अपने परिवार के साथ फ्रांस के दौरे पर हैं। धोनी की अपने परिवार के साथ एक फोटो वायरल हो रही है, जिसमें वो पूरे परिवार के साथ पेरिस के एफिल टावर के सामने खड़े हैं।

एमएस धोनी, उनकी पत्नी साक्षी और उनकी नौ साल की बेटी जीवा को हाल ही में फ्रांस में छुट्टियां मनाते हुए देखा गया। तीनों को एफिल टावर के सामने एक साथ खूबसूरत तस्वीर में कैद किया गया और यह तस्वीर सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस के बीच खूब वायरल हो रही है। बता दें कि यह तस्वीर एमएस धोनी की बेटी जीवा धोनी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की गई है। स्टोरी लिखे जाने तक इस पोस्ट को लगभग 11 लाख लाइक मिल चुके हैं।

संशय में है धोनी का आईपीएल 2025 खेलना

जब आईपीएल 2024 की शुरुआत से पहले एमएस धोनी को कप्तानी से मुक्त किया गया था, तो फैंस को लगा था कि वह अब आईपीएल में नहीं खेलेंगे, लेकिन उन्होंने आईपीएल 2024 खेला। प्रशंसक सिर्फ एमएस धोनी की बल्लेबाजी देखने के लिए मैदान पर आते थे। ऐसा इसलिए क्योंकि प्रशंसकों को लगता था कि यह सीजन एमएस धोनी का आखिरी सीजन हो सकता है। हालांकि इस सीजन में धोनी आखिरी के 2 ओवर खेलने के लिए ही आते थे। धोनी के क्रिकेट प्रशंसक यह चाहते हैं कि महेन्द्र सिंह धोनी आईपीएल 2025 में भी खेलें। धोनी ने अभी तक आईपीएल से संन्यास की खबरों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। यही प्रशंसकों के लिए संशय की बात है धोनी अगला आईपीएल सीजन खेलेंगे या नहीं।

कप्तानी के बोझ से मुक्त एमएस धोनी ने आईपीएल 2024 की 11 पारियों में 220.54 के कमाल के स्ट्राइक रेट से 161 रन बनाए, जो 100 से ज्यादा रन बनाने वाले सभी बल्लेबाजों में दूसरा सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट है।