IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी की फिटनेस पर बड़ा अपडेट, पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेंगे या नहीं? जानिए पूरी स्थिति

राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पिछले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 25 अप्रैल (शनिवार) को जबरदस्त प्रदर्शन किया था। उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में तूफानी शतक जड़कर आईपीएल इतिहास में एक बार फिर अपनी अलग पहचान बनाई। यह उनके आईपीएल करियर का दूसरा शतक रहा और खास बात यह है कि बतौर अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर एक नया रिकॉर्ड भी बना दिया।

हालांकि इस शानदार पारी के बाद फैंस के बीच उनकी फिटनेस को लेकर चिंता भी देखने को मिली, खासकर 28 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले को लेकर। सवाल यह था कि क्या वैभव इस मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे, क्योंकि पिछले मैच के दौरान वह मैदान पर दर्द में नजर आए थे।

मैच के दौरान मैदान से बाहर हुए थे वैभव

जयपुर में खेले गए मुकाबले के दौरान जब वैभव बल्लेबाजी कर चुके थे, तो कुछ समय बाद वे मैदान पर असहज दिखाई दिए। स्थिति इतनी बढ़ी कि उन्हें दो साथी खिलाड़ियों की मदद से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। उस समय वह काफी दर्द में नजर आ रहे थे और इसके बाद वे पूरी मैच में फील्डिंग करने भी नहीं उतरे, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे।

क्या पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेंगे वैभव? मिला जवाब

फैंस की चिंता के बीच अब राहत की खबर सामने आई है। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को किसी गंभीर चोट का सामना नहीं करना पड़ा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें गर्मी और थकान के कारण क्रैम्प की समस्या हुई थी।

अब उनकी हालत पूरी तरह ठीक बताई जा रही है और वे आगामी मैच के लिए फिट हैं। इस बात की पुष्टि खुद राजस्थान रॉयल्स ने भी की है। टीम ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है, जो 27 अप्रैल का बताया जा रहा है, जिसमें वैभव नेट्स में अभ्यास करते हुए बड़े शॉट्स लगाते नजर आ रहे हैं। इससे साफ है कि वह पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं।
सीजन में शानदार फॉर्म में हैं वैभव सूर्यवंशी

इस सीजन वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहद प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अब तक 8 मैचों की 8 पारियों में 357 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 44.62 का रहा है। वहीं उनका स्ट्राइक रेट 234.87 जैसा धमाकेदार है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है।

इस सीजन में उन्होंने चौकों से ज्यादा छक्के लगाए हैं। अब तक उनके बल्ले से 31 चौके और 32 छक्के निकल चुके हैं, जो उनके विस्फोटक अंदाज को और मजबूत बनाता है।

ऑरेंज कैप की रेस में भी बने हुए हैं दावेदार

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप की रेस में भी मजबूती से बने हुए हैं। फिलहाल वे सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनके आगे केएल राहुल 358 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि 380 रनों के साथ अभिषेक शर्मा पहले स्थान पर काबिज हैं।

अगर वैभव आज के मुकाबले में 24 रन और बना लेते हैं, तो वे ऑरेंज कैप अपने नाम कर सकते हैं। ऐसे में सभी की नजरें अब उनके अगले प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं, जहां वह एक बार फिर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल सकते हैं।