RCB-PBKS नहीं, इस टीम ने बनाए सबसे ज्यादा रन; 25,846 रनों के साथ खत्म हुआ IPL 2026 का धमाकेदार लीग स्टेज

आईपीएल 2026 के लीग चरण में बल्लेबाजों का पूरी तरह दबदबा देखने को मिला और इस दौरान रिकॉर्डतोड़ रन बरसे। सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टीम के रूप में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहला स्थान हासिल किया। विस्फोटक बल्लेबाजों से सजी SRH ने पूरे लीग स्टेज में कुल 2,854 रन ठोके और बाकी सभी टीमों को पीछे छोड़ दिया। हैदराबाद की आक्रामक बल्लेबाजी इस सीजन लगातार चर्चा में रही और टीम ने बड़े स्कोर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

इस सीजन 10 में से 9 टीमें 2500 से ज्यादा रन बनाने में सफल रहीं। केवल कोलकाता नाइट राइडर्स ऐसी टीम रही, जो इस आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। केकेआर ने लीग चरण में सबसे कम 2309 रन बनाए।

रनों के मामले में पंजाब किंग्स 2,711 रन के साथ दूसरे स्थान पर रही। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2,642 रन बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया। राजस्थान रॉयल्स 2,619 रन के साथ चौथे, दिल्ली कैपिटल्स 2,559 रन के साथ पांचवें और गुजरात टाइटंस 2,558 रन के साथ छठे स्थान पर रही। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स दोनों ने 2,553-2,553 रन बनाए, जबकि लखनऊ सुपर जाएंट्स 2,511 रन के साथ नौवें पायदान पर रही।

IPL 2026 में चौकों-छक्कों की रिकॉर्डतोड़ बारिश

इस सीजन बल्लेबाजों ने बाउंड्री लगाने के मामले में भी नया इतिहास रच दिया। IPL 2026 के लीग स्टेज में कुल 2174 चौके और 1349 छक्के देखने को मिले। आईपीएल इतिहास में यह पहला मौका रहा जब किसी सीजन में छक्कों का आंकड़ा 1300 के पार पहुंचा।

अगर चौकों और छक्कों से बने कुल रनों की बात करें तो लीग स्टेज में सिर्फ बाउंड्री के जरिए 16,790 रन बने। इससे साफ है कि इस बार बल्लेबाजों ने गेंदबाजों पर पूरी तरह दबाव बनाए रखा।

राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सबसे ज्यादा 53 छक्के जड़े और इस सूची में शीर्ष पर रहे। वहीं गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन ने सबसे अधिक 62 चौके लगाए और अपनी शानदार निरंतरता से सभी को प्रभावित किया।
15 हजार से ज्यादा गेंदें फेंकी गईं

आईपीएल 2026 के लीग चरण के दौरान कुल 15,731 गेंदें डाली गईं। इसमें 759 वाइड और 58 नो-बॉल भी शामिल रहीं। पूरे टूर्नामेंट में गेंदबाजों पर लगातार दबाव देखने को मिला और बल्लेबाजों ने हर छोटी गलती का पूरा फायदा उठाया।

इस दौरान सबसे ज्यादा 635 बल्लेबाज कैच आउट हुए, जबकि 80 खिलाड़ी ऐसे रहे जो खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।

सबसे ज्यादा रन और विकेट लेने वाले खिलाड़ी

लीग स्टेज खत्म होने तक गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन 638 रन के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और ऑरेंज कैप की रेस में शीर्ष पर बने हुए हैं।

वहीं गेंदबाजी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भुवनेश्वर कुमार और गुजरात टाइटंस के कगिसो रबाडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा 24-24 विकेट अपने नाम किए।