IPL के 19वें सीजन का 35वां लीग मुकाबला 25 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाना है। इस अहम मैच से ठीक एक दिन पहले दिल्ली कैपिटल्स के ट्रेनिंग सेशन के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई, जब टीम का नेट बॉलर बाउंसर गेंद लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। गेंद सीधा चेहरे पर लगी, जिसके बाद वह खिलाड़ी दर्द से कराहते हुए मैदान पर गिर पड़ा और उसके चेहरे से खून भी निकलने लगा।
तुरंत मेडिकल टीम ने संभाली स्थिति, एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया खिलाड़ीप्रैक्टिस सेशन के दौरान हुए इस हादसे के बाद हालात काफी गंभीर हो गए। बाउंसर लगते ही नेट बॉलर वहीं जमीन पर गिर गया और उसे तेज दर्द में तड़पते हुए देखा गया। चोट के बाद उसका चेहरा खून से लथपथ हो गया, जिससे मैदान पर मौजूद सभी लोग चिंतित हो गए।
स्थिति को देखते हुए दिल्ली कैपिटल्स की मेडिकल टीम और स्टेडियम में मौजूद इमरजेंसी मेडिकल स्टाफ तुरंत हरकत में आया। खिलाड़ी को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर स्ट्रेचर की मदद से मैदान से बाहर ले जाया गया। इसके बाद बिना देर किए एंबुलेंस की सहायता से उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की ओर से इस खिलाड़ी की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और उसकी हालत के बारे में स्पष्ट जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से पहले दिल्ली के लिए चिंता बढ़ीआईपीएल 2026 में अब तक दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। टीम ने अब तक 6 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 3 में जीत दर्ज की है, जबकि 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। फिलहाल दिल्ली की टीम 6 अंकों के साथ अंकतालिका में छठे स्थान पर मौजूद है। ऐसे में पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाला अगला मुकाबला उनके लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
दूसरी ओर पंजाब किंग्स इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम ने अब तक खेले गए 6 मुकाबलों में 5 में जीत हासिल की है और एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ है। खास बात यह है कि इस सीजन पंजाब किंग्स अब तक अजेय बनी हुई है और एक भी हार का सामना नहीं करना पड़ा है। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला है, खासकर जब टीम एक अप्रत्याशित हादसे के बाद मानसिक और रणनीतिक रूप से दबाव में दिख रही है।