भारत में इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और 31 मई को इसका फाइनल खेला जाना तय है। इसके तुरंत बाद भारतीय क्रिकेट टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेगी। जून महीने में टीम इंडिया टेस्ट और वनडे सीरीज में मैदान पर नजर आएगी, जिसके लिए आधिकारिक स्क्वाड की घोषणा कर दी गई है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की चयन समिति ने 19 मई को गुवाहाटी में अहम बैठक की, जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीमों का चयन किया गया। इस दौरे में एकमात्र टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज शामिल है। टेस्ट मुकाबला 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा, जिसके लिए 14 खिलाड़ियों की टीम घोषित की गई है।
गौरतलब है कि यह 2018 के बाद पहली बार होगा जब अफगानिस्तान की टीम भारत के खिलाफ टेस्ट मैच खेलेगी। इससे पहले 2018 में अफगानिस्तान ने बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपना पहला आधिकारिक टेस्ट मैच खेला था, जिसमें भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उस मुकाबले को एक पारी और 262 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया था।
विराट और रोहित को वनडे टीम में जगह, पंत बाहरअफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम चुनी गई है, जिसमें सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को शामिल किया गया है। हालांकि इस बार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को वनडे स्क्वाड से बाहर कर दिया गया है।
टेस्ट टीम में उप-कप्तानी की जिम्मेदारी इस बार केएल राहुल को सौंपी गई है, जबकि इससे पहले यह जिम्मा ऋषभ पंत के पास था। इसके बावजूद पंत टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे हैं। दूसरी ओर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर चयन से बाहर रखा गया है। चयन समिति प्रमुख अजीत अगरकर ने स्पष्ट किया कि शमी के नाम पर इस बार विचार तक नहीं किया गया।
बुमराह को आराम, नए खिलाड़ियों को मिला मौकाभारतीय टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी सीरीज से आराम दिया गया है। इसका उद्देश्य इंग्लैंड दौरे से पहले उनके कार्यभार (वर्कलोड) को संतुलित करना बताया गया है।
इस सीरीज में कई नए और युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है, जिनमें मानव सुथार, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव शामिल हैं। मानव सुथार को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है, जबकि गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे दोनों प्रारूपों में चयन पाने में सफल रहे हैं। वहीं प्रिंस यादव को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है।
अफगानिस्तान भारत दौरे का पूरा कार्यक्रम6 जून: पहला टेस्ट, न्यू चंडीगढ़ (सुबह 9:30 बजे)
14 जून: पहला वनडे, धर्मशाला (दोपहर 1:30 बजे)
17 जून: दूसरा वनडे, लखनऊ (दोपहर 1:30 बजे)
20 जून: तीसरा वनडे, चेन्नई (दोपहर 1:30 बजे)
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट टीम (भारतीय स्क्वाड)शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल।
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीमशुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।