इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को अपनी गलती सुधारते हुए वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग दोबारा जारी करनी पड़ी। दरअसल, पिछली जारी हुई सूची में भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली का नाम गायब कर दिया गया था, जिससे क्रिकेट फैंस के बीच जमकर नाराज़गी देखने को मिली। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद आईसीसी ने तुरंत जांच शुरू कर गलती को सुधारते हुए दोनों खिलाड़ियों को उनकी असली जगह पर बहाल कर दिया।
शुभमन गिल शीर्ष पर कायमनवीनतम वनडे रैंकिंग 19 अगस्त तक के आंकड़ों पर आधारित है। भारतीय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल 784 अंकों के साथ पहले स्थान पर बरकरार हैं। उनके बाद रोहित शर्मा 756 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम का गिरावट का सिलसिला जारी है और वे अब 739 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। विराट कोहली 736 अंकों के साथ चौथे स्थान पर लौट आए हैं।
गलती के बाद मचा था बवालबुधवार को आईसीसी ने जो रैंकिंग जारी की थी, उसमें विराट और रोहित दोनों को टॉप 100 से बाहर दिखा दिया गया था, जबकि वे फिलहाल सक्रिय रूप से वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। इतना ही नहीं, उस ग़लती के चलते बाबर आजम को दूसरे नंबर पर चढ़ा दिया गया था। यह चूक सामने आते ही फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों ने आईसीसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर आईसीसी की जमकर आलोचना हुई और फैंस ने इसे गंभीर लापरवाही बताया।
आईसीसी का सफाईनामाबढ़ते विवाद को देखते हुए आईसीसी ने एक बयान जारी कर कहा कि इस हफ्ते की वनडे रैंकिंग में तकनीकी खामियों की वजह से गड़बड़ी हुई थी। जैसे ही मामला सामने आया, तत्काल सुधार किया गया और खिलाड़ियों को उनकी वास्तविक पोजिशन पर बहाल कर दिया गया। आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस त्रुटि से किसी अन्य खिलाड़ी की रैंकिंग पर कोई असर नहीं पड़ा।
अगले अपडेट का इंतजाररैंकिंग विवाद के बाद अब क्रिकेटप्रेमियों की निगाहें अगले सप्ताह जारी होने वाली नई सूची पर टिकी रहेंगी। गिल, रोहित और विराट इस समय शानदार फॉर्म में हैं, ऐसे में उनकी पोजिशन पर सबकी नज़र बनी रहेगी। वहीं बाबर आजम के प्रदर्शन और उनकी रैंकिंग में लगातार गिरावट भी चर्चा का विषय बनी हुई है।