RCB के खिलाफ गुजरात टाइटन्स की जीत के पीछे क्या रहा फॉर्मूला? कप्तान शुभमन गिल ने बताए 3 अहम कारण

गुजरात टाइटन्स ने आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ एक अहम जीत दर्ज की, बल्कि पहले मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जीटी ने आरसीबी को 4 विकेट से हराया। मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने खुलकर बताया कि उनकी टीम को इस जीत तक पहुंचाने में किन अहम पहलुओं ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई।

इस मुकाबले में गुजरात की जीत का श्रेय जहां कई फैक्टर्स को जाता है, वहीं कप्तान गिल ने खास तौर पर फील्डिंग को सबसे बड़ा कारण बताया। उन्होंने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा कि टीम की ऊर्जा और मैदान पर प्रदर्शन इस बार अलग स्तर का था। गिल के मुताबिक, खिलाड़ियों ने पूरे मैच में जबरदस्त फुर्ती दिखाई और हर मौके पर दबाव बनाए रखा, जिसने अंततः मैच का रुख बदल दिया।

गिल ने कहा, “इस तरह के विकेट पर आरसीबी जैसी मजबूत टीम को 160 रन से कम स्कोर पर रोकना हमारे गेंदबाजों की बेहतरीन कोशिश का नतीजा है। लेकिन अगर एक चीज चुननी हो, तो मैं कहूंगा कि हमारी फील्डिंग ने मैच में बड़ा फर्क पैदा किया। कई बार हम फील्डिंग में पीछे रह जाते हैं, लेकिन आज सब कुछ हमारे पक्ष में गया। दूसरे ओवर के बाद विराट कोहली ने कुछ अच्छे शॉट लगाए थे, लेकिन उसके बाद हमने जिस तरह वापसी की, वह काबिले-तारीफ थी।”
पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर गिल ने साफ किया कि यह कोई पहले से तय रणनीति नहीं थी। उन्होंने कहा, “ऐसा कुछ प्लान नहीं था। बस शुरुआत में मुझे थोड़ा भाग्य का साथ मिला और फिर मैं अपनी लय में आ गया। जब आप अच्छा महसूस करते हैं और आत्मविश्वास से भरे होते हैं, तो आप गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। मुझे लग रहा था कि आज मेरा दिन है, इसलिए मैंने खुलकर खेलने का फैसला किया।”

मध्यक्रम में अहम भूमिका निभाने वाले राहुल तेवतिया की भी गिल ने जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि तेवतिया टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं और मुश्किल परिस्थितियों में मैच खत्म करने की उनकी क्षमता टीम को मजबूती देती है। गिल ने बताया, “टाइमआउट के दौरान हमारी बातचीत यही थी कि अंत तक टिके रहना है। हमने कुछ ज्यादा विकेट गंवा दिए थे, लेकिन तेवतिया ने अंत में शानदार बल्लेबाजी की और मैच को हमारे पक्ष में कर दिया।”

इस जीत के साथ गुजरात टाइटन्स ने इस सीजन में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की है और अब उनके खाते में कुल 10 अंक हो गए हैं। टीम का आत्मविश्वास भी इस जीत के बाद काफी बढ़ा है, जो आगे के मुकाबलों में उनके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।