टीम इंडिया के कैप्टन कूल के नाम से ख्यात रहे पूर्व कप्तान एम एस धोनी इन दिनों आईपीएल में अपनी खराब फॉर्म और बल्लेबाजी नम्बर को लेकर प्रशंसकों द्वारा लगातार आलोचनाओं का शिकार हो रहे हैं। धोनी की आलोचना न सिर्फ उनके प्रशंसक कर रहे हैं, अपितु अब क्रिकेट जगत से जुड़े व्यक्ति भी उनकी आलोचना करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। हालांकि सीएसके के हैड कोच लगातार धोनी का बचाव करते आ रहे हैं। हाल ही में पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने धोनी की खुलकर आलोचना की है। उन्होंने तो यह तक कह दिया है कि धोनी अपना सम्मान खोते जा रहे हैं। उन्हें आईपीएल 2023 के बाद संन्यास ले लेना चाहिए था।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें आईपीएल 2023 जीतने के बाद संन्यास ले लेना चाहिए था। उनकी यह टिप्पणी आईपीएल के मौजूदा सीजन में धोनी द्वारा एक और खराब प्रदर्शन के बाद आई है।
IPL 2025 में अभी तक असफल हैं धोनीपूर्व भारतीय कप्तान की खराब प्रदर्शन की आलोचना टूर्नामेंट की शुरुआत से ही हो रही है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में धोनी ने 26 गेंदों पर 1 छक्के और 1 चौके की मदद से नाबाद 30 रन बनाए। उन्होंने विजय शंकर के साथ छठे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की, लेकिन टीम लक्ष्य से 25 रन पीछे रह गई। यह टीम की अब तक के चार मैचों में तीसरी हार और इस सीजन में लगातार दूसरी हार थी।
अपनी इज्जत खो रहे हैं धोनी
तिवारी ने धोनी के लंबे करियर पर भी अपनी राय शेयर की, उन्होंने कहा कि उन्हें आईपीएल 2023 में टीम के खिताब जीतने के बाद अपने शानदार करियर को समाप्त कर देना चाहिए था।
तिवारी ने क्रिकबज से कहा, 'अगर मैं थोड़ा सख्त हो रहा हूं तो मुझे माफ करें। उन्हें (धोनी को) 2023 आईपीएल के बाद संन्यास ले लेना चाहिए था; यह उनका सबसे अच्छा समय था। इतने सालों में उन्होंने जो सम्मान अर्जित किया है, उसके बावजूद प्रशंसक उन्हें पिछले दो सालों में नहीं देख पाए हैं, और वह खोते जा रहे हैं। देखिए चेन्नई के प्रशंसक कैसे प्रतिक्रिया दे रहे हैं, सड़कों पर निकल रहे हैं और इंटरव्यू दे रहे हैं'।
हेड कोच ने किया धोनी का बचावहालांकि, सीएसके के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 43 वर्षीय खिलाड़ी अभी भी मजबूत हैं। फ्लेमिंग ने कहा, 'नहीं, यह मेरा काम नहीं है कि मैं इसे खत्म कर दूं। मुझे कोई जानकारी नहीं है। मैं बस उसके साथ काम करने का आनंद ले रहा हूं। वह अभी भी मजबूत है। उन्होंने कहा, 'मैं इन दिनों पूछता भी नहीं हूं। आप लोग ही पूछते हैं'।