DC से हारा CSK, दर्शकों में छाया धोनी का खुमार, वायरल हुआ एक हाथ से लगाया छक्का

रविवार को खेले गए आईपीएल 2024 के मैच में CSK को DC से हार का सामना करना पड़ा। यह सही है कि मैच में CSK को हार मिली लेकिन इसके बावजूद दर्शकों में सीएसके के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का मैदान पर खेलने उतरना और उसके बाद अपने बल्ले से विस्फोटक बल्लेबाजी करना दिलों में घर कर गया। धोनी पिछले दो मैचों में बल्लेबाजी के लिए नहीं आ पाए थे, लेकिन तीसरे मैच में उन्हें आना पड़ा।

धोनी ने अपनी पारी में 16 गेंदों का सामना करते हुए 37 रन की बेहतरीन पारी खेली। इस पारी में सबसे खास रहा उनका अंतिम ओवर में एक हाथ से गगनचुंबी सिक्स जड़ना, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। इतना ही नहीं उन्होंने विश्व के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में शुमार एनरिक नॉर्टर्जे के आखिरी ओवर में दो छक्कों और दो चौकों के साथ 20 रन बनाए। सीएसके की हार के बाद भी स्टेडियम धोनी-धोनी के नारे से गूंज उठा।

दरअसल, चोट के बाद वापसी कर रहे एनरिक नॉर्टजे डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर के साथ शानदार गेंदबाजी कर रहे थे। सीएसके को आखिरी ओवर में जीत के लिए 43 रन की दरकार थी। गेंद नॉर्टजे के हाथ में थी तो सामने एमएस धोनी थे। नॉर्ट्जे पहली बॉल यॉर्कर फेंकी तो धोनी ने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से बुलेट की रफ्तार से चौका जड़ दिया। नॉर्टजे ने दूसरी गेंद भी यॉर्कर फेंकने की कोशिश की, लेकिन वह लो फुलटॉस पड़ गई और एमएस धोनी कहां रुकने वाले थे। उन्होंने उस गेंद को एक हाथ से छक्के के लिए भेज दिया।

नॉर्टजे के लिए हालात लगातार बिगड़ते चले गए। उन्होंने एक गेंद खाली निकालने के बाद चौथी गेंद फिर फुलटॉस फेंकी तो धोनी ने उसे भी बाउंड्री पर भेज दिया। फिर धोनी ने आखिरी फुलटॉस को फिर से छक्के के लिए भेज दिया। इस तरह धोनी ने 16 गेंद में 37 रन की शानदार कैमियो पारी खेली और फैंस का दिल जीत लिया।