फुटबॉल जगत के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी लंबे समय से साथी रहीं जॉर्जिना रोड्रिगेज अब आधिकारिक तौर पर पति-पत्नी बन गए हैं। दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी शादी की जानकारी साझा कर प्रशंसकों को खुशखबरी दी। वर्षों से साथ रह रहे इस चर्चित जोड़े ने अपने रिश्ते को नया नाम देते हुए विवाह कर लिया है।
41 वर्षीय रोनाल्डो और 32 वर्षीय जॉर्जिना ने 11 अगस्त को इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों की शादी की अंगूठियां दिखाई दे रही हैं। तस्वीर के साथ उन्होंने संक्षिप्त कैप्शन सी जी लिखा। हालांकि, शादी समारोह से जुड़ी अन्य तस्वीरें या विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
पुर्तगाल में निजी समारोह में हुई शादीरिपोर्ट के अनुसार, यह विवाह पुर्तगाल के लिस्बन के नजदीक स्थित तटीय शहर कास्काइस में संपन्न हुआ। रोनाल्डो के जनसंपर्क कार्य संभालने वाले ब्रंसविक ग्रुप ने बताया कि समारोह को पूरी तरह निजी रखा गया था। इस खास मौके पर रोनाल्डो और जॉर्जिना के पांचों बच्चे भी मौजूद रहे।
दोनों की शादी की खबर के साथ ही पिछले कुछ समय से उनके रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विराम लग गया है। जॉर्जिना ने अगस्त 2025 में अपनी सगाई की घोषणा की थी और करीब एक वर्ष बाद दोनों ने विवाह कर लिया।
हाल ही में रोनाल्डो फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल की ओर से खेलते हुए नजर आए थे। अब उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी यह खबर भी दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
2016 में हुई थी पहली मुलाकातरोनाल्डो और जॉर्जिना की मुलाकात वर्ष 2016 में स्पेन के मैड्रिड में हुई थी। उस समय जॉर्जिना गुच्ची के एक स्टोर में काम करती थीं। धीरे-धीरे दोनों के रिश्ते की चर्चा शुरू हुई और जनवरी 2017 में ज्यूरिख में आयोजित बेस्ट फीफा फुटबॉल अवार्ड्स समारोह में वे पहली बार सार्वजनिक रूप से साथ दिखाई दिए।
इसके बाद दोनों का रिश्ता दुनिया के चर्चित सेलिब्रिटी संबंधों में शामिल हो गया। जॉर्जिना की नेटफ्लिक्स सीरीज आई एम जॉर्जिना में भी उनकी पारिवारिक जिंदगी और रिश्ते की कई झलकियां दिखाई गई हैं।
परिवार के साथ नई शुरुआतरोनाल्डो और जॉर्जिना की दो बेटियां अलाना और बेला हैं। इसके अलावा जॉर्जिना, रोनाल्डो के बेटे क्रिस्टियानो जूनियर और जुड़वां बच्चों ईवा मारिया तथा माटेओ की परवरिश में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
नेटफ्लिक्स सीरीज में रोनाल्डो ने अपने रिश्ते को लेकर कहा था कि शुरुआत में उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह संबंध इतना मजबूत हो जाएगा, लेकिन समय के साथ उन्हें महसूस हुआ कि जॉर्जिना उनकी जिंदगी की बेहद खास शख्स हैं। अब विवाह के साथ दोनों ने अपने लंबे रिश्ते को एक नया मुकाम दे दिया है।