भुवनेश्वर कुमार ने दिखाई अपनी बेटी की पहली झलक, न्यूजीलैंड अब पाकिस्तान में खेलेगा 12 मैच

भारतीय टीम के दाएं हाथ के मीडियम पेसर भुवनेश्वर कुमार हाल ही में पिता बने हैं। उनकी पत्नीे नूपुर नागर ने 24 नवंबर को बेटी को जन्म दिया। भुवी ने रविवार रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फैंस के लिए बेटी की पहली फोटो शेयर की। वे नूपुर और नवजात के साथ नजर आ रहे हैं। भुवनेश्वर की बिटिया उनकी गोद में है और साथ में लाल सूट पहने नूपुर हैं। भुवनेश्वर ने जैसे ही इंस्टाग्राम पर यह इमेज शेयर की, उन्हें चाहने वालों के संदेशों की बाढ़ आ गई। फैंस बिटिया का नाम जानने को लेकर उत्सुक हैं।

भुवी के पिता का इसी साल निधन हो गया था। लंबी बीमारी के बाद उन्होंने अप्रैल में अंतिम सांस ली थी। आपको बता दें कि भुवी भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान टीम का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि उन्हें 19 जनवरी से शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए चुने जाने की उम्मीद है। भुवनेश्वर पिछले दिनों न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज में तीन विकेट ही ले पाए थे।


टी20 विश्व कप से पहले सुरक्षा कारणों से न्यूजीलैंड ने रद्द कर दिया था पाक दौरा

इस साल टी20 विश्व कप से पहले पाकिस्तान का दौरा रद्द करने वाली न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम अप्रैल 2023 में सीमित ओवरों के दस मैच के लिए वहां लौटेगी। न्यूजीलैंड ने रावलपिंडी में पहले वनडे के लिए टॉस होने से ठीक पहले सुरक्षा कारणों से टी20 व वनडे सीरीज खेलने के बजाय दौरा रद्द कर दिया था। इसके बाद टी20 विश्व कप से ठीक पहले इंग्लैंड ने भी न्यूजीलैंड को फॉलो करते हुए अपना संक्षिप्त दौरा रद्द कर दिया। अब अप्रैल 2023 में पाकिस्तान-न्यूजीलैंड 5-5 वनडे और टी20 खेलेंगे। तारीखों और वेन्यू को लेकर अभी फैसला नहीं लिया गया है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा कि इससे पहले न्यूजीलैंड दिसंबर 2022 में पाकिस्तान में दो टेस्ट खेलेगी, जो विश्व चैम्पियनशिप का हिस्सा होंगे। पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा और न्यूजीलैंड क्रिकेट के प्रमुख मार्टिन स्नीडन के बीच बातचीत में इस कार्यक्रम को मंजूरी दी गई। राजा और स्नीडन दोनों ही पूर्व क्रिकेटर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि आतंकवाद से ग्रस्त पाकिस्तान में कई सालों से प्रमुख देश खेलने से बच रहे हैं। पाकिस्तान का घरेलू मैदान भी यूएई हो गया है।