भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग को नई दिशा देते हुए एक बड़ा ऐलान किया गया है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने शुक्रवार को घोषणा की कि बिग बैश लीग (BBL) 2026-27 सीजन का उद्घाटन मुकाबला भारत में आयोजित किया जाएगा। यह ऐतिहासिक मैच दिसंबर में चेन्नई के प्रतिष्ठित एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। अल्बानीज ने अपनी तीन दिवसीय ऑस्ट्रेलिया यात्रा के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त रूप से इस फैसले की घोषणा की और इसे दोनों देशों के बीच मजबूत होते खेल संबंधों का अहम पड़ाव बताया।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, चेन्नई में खेले जाने वाले इस मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। यह पहली बार होगा जब बिग बैश लीग का कोई आधिकारिक मुकाबला ऑस्ट्रेलिया की सीमा से बाहर आयोजित किया जाएगा। 12 दिसंबर को होने वाला यह मैच BBL 16 सीजन का उद्घाटन मुकाबला होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में मेलबर्न रेनेगेड्स को मेजबान (होम) टीम का दर्जा दिया जाएगा।
भारत-ऑस्ट्रेलिया ने जारी किया नया स्पोर्ट्स रोडमैप
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एंथनी अल्बानीज ने दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक नए स्पोर्ट्स रोडमैप का भी अनावरण किया। मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार, इस रोडमैप का मकसद खेलों के क्षेत्र में दीर्घकालिक साझेदारी को बढ़ावा देना और दोनों देशों के बीच सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
इस योजना के तहत खेल प्रतिभाओं के विकास, क्षमता निर्माण, खेल विज्ञान, आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और खेल उद्योग में निवेश जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर भी विकसित करने की दिशा में दोनों देश मिलकर काम करेंगे।
बड़े खेल आयोजनों में बढ़ेगा सहयोगइस पहल को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है जब ऑस्ट्रेलिया वर्ष 2032 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी की तैयारियों में जुटा है, जबकि भारत 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के शताब्दी संस्करण की मेजबानी की दिशा में अपने प्रयास तेज कर रहा है। माना जा रहा है कि यह रोडमैप भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के आयोजन और प्रबंधन के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करेगा।
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों देशों में खेलों के प्रति गहरा लगाव और उत्साह है। उनका कहना था कि नया स्पोर्ट्स रोडमैप क्षमता निर्माण, तकनीकी सहयोग और अनुसंधान जैसे व्यावहारिक क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करेगा। इसके साथ ही यह पहल दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा, ऑस्ट्रेलिया और भारत खेलों के प्रति अपने साझा जुनून से जुड़े हुए हैं। यह स्पोर्ट्स रोडमैप हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगा। क्षमता निर्माण, तकनीक और अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ यह व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर भी पैदा करेगा। भारत के साथ खेलों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं, क्योंकि इससे दोनों देशों के लोगों के साथ-साथ आर्थिक संबंधों को भी लाभ मिलेगा।