IPL ट्रेड अफवाहों पर अश्विन का पलटवार: CSK से मांगी साफ जवाबदेही, कहा- खिलाड़ी को हक है सच जानने का

आईपीएल 2026 सीजन से पहले रविचंद्रन अश्विन ने अपने ट्रेड को लेकर चल रही तमाम अफवाहों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा है कि उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से अपने भविष्य पर स्पष्ट जवाब मांगा है। 2025 के मेगा ऑक्शन में CSK ने उन्हें 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिसे अश्विन के लिए एक तरह का भावनात्मक ‘होमकमिंग’ माना जा रहा था। लेकिन बीता सीजन उनके लिए उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा।

अश्विन ने 9 मैचों में सिर्फ 7 विकेट चटकाए, औसत 40.43 और इकॉनमी 9.13 रही। बल्ले से उनका योगदान भी सिर्फ 33 रन का रहा। आईपीएल करियर में यह पहला मौका था जब उन्होंने किसी सीजन में 12 से कम मुकाबले खेले। निराशाजनक प्रदर्शन के बीच हाल में ऐसी खबरें सामने आईं कि वह CSK छोड़ने पर विचार कर रहे हैं और इस बारे में उन्होंने फ्रेंचाइजी से बात भी की है।

अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने खुलासा किया कि राजस्थान रॉयल्स में खेलते समय हर सीजन के बाद उन्हें सीईओ की ओर से ईमेल आता था, जिसमें उनके प्रदर्शन, उम्मीदों और कॉन्ट्रैक्ट रिन्यूअल पर चर्चा होती थी। उन्होंने कहा, “हर सीजन के अंत में फ्रेंचाइजी की जिम्मेदारी होती है कि वह खिलाड़ी को स्पष्ट रूप से बता दे कि उसे रिटेन किया जाएगा या रिलीज। खिलाड़ी को यह हक है कि वह अपने भविष्य को लेकर फ्रेंचाइजी से सवाल करे।”

अश्विन ने यह भी साफ किया कि उनके या संजू सैमसन को लेकर जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं, वे खिलाड़ियों की तरफ से नहीं आ रही हैं। उन्होंने कहा, “संभव है कि ये अफवाहें फ्रेंचाइजी से निकल रही हों, लेकिन मुझे नहीं पता कि इन्हें कौन फैला रहा है।”

आईपीएल की ट्रेड विंडो आमतौर पर सीजन खत्म होने के करीब एक महीने बाद खुलती है और अगले ऑक्शन से लगभग एक हफ्ता पहले तक चलती है। ऐसे में अश्विन का यह बयान संकेत देता है कि आने वाले समय में उनके आईपीएल भविष्य को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है।