क्रिस गेल के बाद रोहित शर्मा कर सकते हैं अपने नाम यह रिकॉर्ड, बन सकते हैं IPL के पहले भारतीय बल्लेबाज

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 63वें मैच में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला मुकाबला दोनों टीमों के लिए बहुत अहम साबित होने जा रहा है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में मुंबई की टीम अगर जीत जाती है, तो वह प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर लेगी, वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मैच जीवन-मरण का सवाल बन चुका है। यदि दिल्ली आज मुंबई को हराने में विफल रहती है, तो उनका IPL 2025 का सफर समाप्त हो जाएगा।

इस मैच में रोहित शर्मा के पास एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान और हिटमैन रोहित शर्मा, जिन्होंने अपनी कप्तानी में पांच बार मुंबई को IPL का चैंपियन बनाया है, ने कई शानदार पारियां खेली हैं। आईपीएल में छक्के लगाने के मामले में वह हमेशा से एक प्रमुख खिलाड़ी रहे हैं, और वर्तमान में दूसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं।

अगर आज के मुकाबले में रोहित तीन छक्के लगाते हैं, तो वह आईपीएल के इतिहास में 300 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। इस ऐतिहासिक मील का पत्थर पार करते ही वह दुनिया में कुल मिलाकर इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बन जाएंगे। अब तक यह उपलब्धि दुनिया में सिर्फ एक खिलाड़ी के नाम है और वो हैं वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल, जिन्होंने IPL में अब तक 357 छक्के लगाए हैं।

IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज


• क्रिस गेल - 357

• रोहित शर्मा - 297

• विराट कोहली - 290

• एमएस धोनी - 264

• एबी डिविलियर्स - 251

• डेविड वॉर्नर - 236

रोहित शर्मा के बाद विराट कोहली IPL के इतिहास में तीसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। इस सीजन कोहली भी IPL में अपने 300 छक्के पूरे कर सकते हैं। इसके लिए कोहली को 10 छक्कों की दरकार है।