सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच आईपीएल 2026 का 21वां मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। इसके बाद सभी की निगाहें हैदराबाद की विस्फोटक ओपनिंग जोड़ी अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड पर टिकी थीं, लेकिन मुकाबले की शुरुआत ही बेहद निराशाजनक रही। पहली ही गेंद पर राजस्थान के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अभिषेक शर्मा को बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में डीप थर्ड मैन पर कैच आउट कर दिया, और वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसी के साथ अभिषेक शर्मा के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे उनके लिए बेहद खराब माना जा रहा है।
एक साल में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाज बने अभिषेक शर्माअभिषेक शर्मा के लिए साल 2026 टी20 क्रिकेट में बेहद कठिन साबित हो रहा है। टी20 वर्ल्ड कप से लेकर इस मुकाबले तक उनकी फॉर्म लगातार सवालों के घेरे में रही है। इसी दौरान वह टी20 क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से रोहित शर्मा और संजू सैमसन के नाम था, लेकिन अब अभिषेक ने दोनों को पीछे छोड़ते हुए अकेले शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो अभिषेक शर्मा ने साल 2026 में अब तक 18 टी20 मैचों में हिस्सा लिया है, जिसमें वह 7 बार बिना खाता खोले आउट हुए हैं। इनमें से 4 बार वह गोल्डन डक का शिकार भी बने हैं। दूसरी ओर रोहित शर्मा साल 2018 में 33 मैचों में 6 बार डक पर आउट हुए थे, जबकि संजू सैमसन ने साल 2024 में 32 पारियों में 6 बार शून्य पर विकेट गंवाया था। इस सूची में गुरकीरत सिंह मान भी शामिल हैं, जो साल 2013 में 19 पारियों में 5 बार डक पर आउट हुए थे।
साल 2026 में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन रहा बेहद निराशाजनकआईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज के तौर पर पहचाने जाने वाले अभिषेक शर्मा के लिए साल 2026 अब तक उम्मीदों के बिल्कुल उलट साबित हुआ है। इस पूरे साल उन्होंने 18 टी20 मैचों में हिस्सा लिया है और 18 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए केवल 452 रन ही बना पाए हैं। उनका औसत 26.58 का रहा है, जो उनके स्तर के खिलाड़ी के हिसाब से काफी कम माना जा रहा है।
इस दौरान उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला है, हालांकि उन्होंने 5 अर्धशतक जरूर लगाए हैं। इसके बावजूद लगातार असफल शुरुआत और बार-बार शून्य पर आउट होना उनके फॉर्म पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है और टीम के लिए भी यह चिंता का विषय बनता जा रहा है।