मैदान पर आपस में भिड़े अभिषेक शर्मा और दिग्वेश राठी, अंपायर को भी आना पड़ा बीच में; ऋषभ पंत ने संभाला मामला; Video

सोमवार को लखनऊ में हुए मैच के दौरान अभिषेक शर्मा और दिग्वेश राठी के बीच जबरदस्त झड़प हो गई, जो इतनी बढ़ गई कि दोनों खिलाड़ियों को रोकने के लिए अंपायरों को भी बीच में आना पड़ा। इसके बावजूद दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे पर जुबानी वार करते रहे। हालांकि दोनों खिलाड़ी समझदार हैं और अपने करियर को हाथापाई से खराब करना नहीं चाहते, लेकिन विवाद तब तक बढ़ गया था। इस दौरान ऋषभ पंत ने अपने गेंदबाज दिग्वेश को पीछे खींचकर शांत किया। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया।

मिशेल मार्श (65), एडन मारक्रम (61) और निकोलस पूरन (45) की बेहतरीन पारियों की मदद से लखनऊ सुपर जायंट्स ने 205 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में अभिषेक शर्मा ने अपनी टीम को जोरदार शुरुआत दी, उन्होंने 20 गेंदों में 6 छक्के और 4 चौकों की मदद से 59 रन बनाए। इसके बाद ईशान किशन (35) और हेनरिक क्लासेन (47) ने हैदराबाद को 6 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।

अभिषेक और दिग्वेश के बीच लड़ाई क्यों हुई?

जहां दूसरे गेंदबाज प्रभावित नहीं कर पाए, वहीं दिग्वेश राठी किफायती साबित हो रहे थे। उन्होंने 8वें ओवर की तीसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा को आउट किया, जिन्होंने 20 गेंदों में 59 रन बनाए थे। इस महत्वपूर्ण विकेट के बाद दिग्वेश ने अपनी खास नोटबुक सेलिब्रेशन की, जिसके कारण उन्हें पहले भी दो बार फाइन किया जा चुका है। सेलिब्रेशन से पहले दिग्वेश ने अभिषेक को बाहर जाने का इशारा किया, जिससे अभिषेक काफी गुस्से में आ गए।

दोनों के बीच तीखी बहस हुई, अभिषेक वापस गेंदबाज की तरफ बढ़े और दिग्वेश भी लगातार कुछ कह रहे थे। साथ में मौजूद खिलाड़ी उन्हें शांत करने की कोशिश कर रहे थे। अंपायर को बीच में आना पड़ा। इसी दौरान ऋषभ पंत आए और दिग्वेश को पीछे खींचकर शांत कराया। अभिषेक गुस्से में इशारा करते हुए मैदान छोड़ गए।

मैच के बाद दोनों ने मिलाया हाथ

इससे पहले अभिषेक शर्मा ने रवि बिश्नोई के ओवर में लगातार 4 गेंदों पर 4 छक्के जड़े थे। मैच खत्म होने के बाद दिग्वेश और अभिषेक ने हाथ मिलाया और बातचीत की। बीसीसीआई उपाध्यक्ष भी उनकी बातचीत सुनते हुए नजर आए।

आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हुई लखनऊ

ऋषभ पंत की टीम प्लेऑफ की प्रबल दावेदार थी, लेकिन लगातार चार मैच हारने के बाद टीम इस दौड़ से बाहर हो गई। पंत आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन इस सीजन उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। उन्होंने 12 पारियों में सिर्फ 135 रन बनाए हैं। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स भी प्लेऑफ दौड़ से बाहर हो चुके हैं।