नोएडा: गर्लफ्रेंड की शादी में जाने से जीजा ने रोका तो साले ने मुंह में डाल लिया करंट वाला तार, मौत

नोएडा में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां, एक शख्स ने बिजली का तार अपने मुंह में डालकर स्विच ऑन कर लिया। इसके बाद वह बुरी तरह झुलस गया। घायल हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

नोएडा के सरफाबाद के रहने वाले विनय कुमार ने शुक्रवार की रात अपने जीजा से 1000 रुपए उधार मांगे थे और अपनी गर्लफ्रेंड की शादी में जाना चाहता था। लेकिन विनय कुमार के जीजा ने गर्लफ्रेंड की शादी में जाने से मना कर दिया और उसे 1000 रुपए भी नहीं दिए, जिसके बाद नाराज विनय ने बिजली का तार अपने मुंह में डाल लिया और फिर स्विच ऑन कर दिया।

जांच में पता चला है कि अपनी गर्लफ्रेंड की शादी से बेहद परेशान और दुखी था। वह अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करने को काफी कोशिश कर रहा था लेकिन सफल नहीं हो पाया। इसी दौरान लड़की की शादी कहीं और तय हो गई। इस बात से दुखी होकर विनय लड़की की शादी में जाना चाहता था जिसके लिए उसने अपने जीजा से 1000 रूपये मांगे थे।