आगरा : प्रेमिका ने ही किया प्रेमी पर तेजाब से हमला, इलाज के दौरान अस्पताल में हुई मौत

गुरुवार की सुबह आगरा के थाना हरीपर्वत के खंदारी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जिसमें एक प्रेमिका ने ही अपने प्रेमी पर तेज़ाब से हमला कर दिया जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हमला महिला मित्र द्वारा किया गया और वह भी इसमें झुलसी है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। अस्पताल में उसका उपचार कराया जा रहा है। एसपी सिटी ने कहा कि परिजनों की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बताए गए हैं। बुधवार रात को किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि उसने ही देवेंद्र पर तेजाब डाल दिया। इससे वह 80 फीसदी तक झुलस गया। अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना के पीछे क्या कारण है, यह पता किया जा रहा है।

मूल रूप से कासगंज निवासी देवेंद्र राजपूत (28 वर्ष) पुत्र कालीचरण हरी पर्वत क्षेत्र स्थित लाल पैथोलॉजी में लैब सहायक के रूप में कार्य करता था। खंदारी में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। गुरुवार की सुबह 9:00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि उसे तेजाब डालकर झुलसा दिया गया है। दोस्तों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। दोपहर तकरीबन 2:30 बजे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजन पहुंच गए। देवेंद्र को तेजाब से झुलसाने का आरोप महिला मित्र पर लगाया गया है। वह सिकंदरा क्षेत्र स्थित एनर्जी प्लस अस्पताल में नर्स है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि जांच में सामने आया है कि महिला मित्र और देवेंद्र के बीच काफी समय से दोस्ती थी। दोनों साथ में ही रहते थे।