उत्तरप्रदेश : फंदे से लटका मिला युवक का शव, बहन ने परिवार के लोगों पर ही लगाया हत्या का आरोप

फिरोजाबाद जिले के थाना नारखी क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया जहां एक युवक का शव फंदे से लटका मिला और बहिन ने अपने ही परिवार के लोगों पर उसकी हत्या का आरोप लगाया। मंगलवार की सुबह गांव जौंधरी के बाहर युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। युवक अपनी बहन के घर रह रहा था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने जांच में जुटी है।

मैनपुरी जिले के कस्बा बरनाहल निवासी माजिद (32) पुत्र अजमेरी कुछ दिनों से थाना नारखी के गांव जौंधरी में अपनी बहन शकीला पत्नी शब्बीर के घर रह रहा था। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के बाहर आम के पेड़ पर लटका मिला। जानकारी पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

शकीला ने परिवार के लोगों पर ही भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है। शकीला का कहना है कि सोमवार शाम माजिद के साथ परिवार के लोगों ने मारपीट की थी। इस कारण वह पास के स्कूल की बाउंड्री में कूदकर भाग गया था। इसके बाद रात को माजिद लौटकर घर नहीं आया। उसने पति के साथ देर रात तक खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिला।

थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने कहा रि मृतक की बहन ने परिवार के लोगों पर भी आरोप लगाए हैं। आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में अभी तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। माजिद मुंबई में मजदूरी का काम करता था। लॉकडाउन में रोजगार छिन जाने पर मई में वह पैदल चलकर बहन के घर आया था। तभी से वह बहन के घर रह रहा था। बहन के घर रहने के साथ खेतों पर काम करता था।