गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जिसमें गोरखनाथ थाना क्षेत्र के रसूलपुर में शुक्रवार को शादी की खुशियों का माहौल तब मातम में बदल गया जब बरात निकलने से पहले दूल्हे ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर रामाज्ञा सिंह ने बताया कि युवक की घर में ही रेडीमेड कपड़ों की दुकान थी। आत्महत्या की वजह के बारे में घरवाले कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, रसूलपुर निवासी 35 वर्षीय सिराज की शुक्रवार की सुबह बरात जानी थी। बृहस्पतिवार की रात घर में निकाह की तैयारियां व बाकी रस्में चल रही थीं। देर रात तक कार्यक्रम के बाद वह सोने चले गए। सुबह काफी देर तक सिराज के नहीं उठने पर परिजन उसे जगाने पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। लोगों ने खिड़की से देखा तो उनके होश उड़ गए। सिराज का शव पंखे से बंधे फंदे से लटका हुआ था। सिराज का फंदे से लटकता शव देख कर घर की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।