राइड के दौरान महिला को देख हस्तमैथुन करने लगा कैब चालक, गिरफ्तार

कैब सर्विस चलाने वाली उबर कंपनी एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। राजधानी दिल्ली में आए दिन महिलाओं से कथित तौर पर टैक्सी चालकों द्वारा छेड़छाड़ के मामले सामने आने के बाद ऐसे सफर में यात्रियों की सुरक्षा का सवाल उठने लगा है। दिल्ली की रहने वाली एक महिला ने उबर कैब ड्राइवर पर आरोप लगाया है कि राइड के दौरान ड्राइवर ने उसका यौन-उत्पीड़न किया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना दिल्ली जनपथ रोड स्थित नेशनल म्यूज़ियम के पास की है। महिला एक प्राइवेट कंपनी में काम करती है। महिला का आरोप है कि जब वह ऑफिस से घर जा रही थी तो मैंने देखा कैब ड्राइवर उसे शीशे में देखकर हस्तमैथुन कर रहा है। यह घटना 15 अप्रैल की है।

बताया जाता है कि यह वाकया जनपथ रोड पर राष्ट्रीय संग्रहालय के पास हुआ है। पुलिस ने महिला की शिकायत के बाद आरोपी कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है। पुलिस ने प्राथमिक जांच में यह भी पाया कि उबर चालक का लैइसेंस भी भर्जी है।

आपको बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी कैब चालक द्वारा महिला यात्रियों के यौन उत्पीड़न के ऐसे मामले सामने आते रहे हैं। मार्च में पुलिस ने 22 वर्षीय एक कैब ड्राइवर को महिला का अपहरण करने और उसके साथ यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वहीं साल 2014 में उबर कैब ड्राइवर पर महिला के साथ रेप करने का मामला सामने आया था। आरोपी ड्राइवर ने महिला के नशे में होने का फायदा उठाते हुए उसके साथ बलात्कार किया था। इस मामले में आरोपी जेल की सजा काट रहा है। आपको बता दें कि अक्सर कैब ड्राइवर द्वारा महिलाओं के साथ बदसलूकी के मामले सामने आते रहे हैं लेकिन इन कैब कंपनियों द्वारा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।