‘अल्ला हू अकबर’ बोलते हुए दक्षिणी फ्रांस में महिला ने 2 लोगों को ब्लेड से जख्मी किया

दक्षिणी फ्रांस में एक महिला ने सुपरमार्केट में चाकू से हमला कर 2 लोगों को घायल कर दिया है। बताया जा रहा है कि महिला ने हमले से पहले अल्लाहू अकबर कहा और दोनों पीड़ितों को चाकू से घायल कर दिया।

खबर के अनुसार, यह घटना फ्रांस के दक्षिण पूर्व में स्थित ला सेन-सुर-मेर नामक सुपरमार्केट की है, जहां आरोपी महिला ने सुपरमार्केट के एक कर्मचारी और एक ग्राहक को कटर चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी महिला को पकड़ लिया गया और फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है। मौके पर एक प्रत्यक्षदर्शी ने एएफपी टीवी से बातचीत के दौरान बताया कि आरोपी महिला ने घटना के वक्त अल्लाहू अकबर चिल्लाया था।

सरकारी वकील बर्नार्ड मार्शल ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि हमला करनेवाली महिला की मानसिक हालत ठीक नहीं है। हालांकि इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि उसे कट्टर बना दिया गया हो।’ गौरतलब है कि 2015 से कई जिहादी हमलों के बाद से फ्रांस हाई अलर्ट पर है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इससे पहले इसी साल मार्च के महीने में भी फ्रांस के एक सीमावर्ती शहर में एक शूटर ने सुपरमार्केट में गोलीबारी करके 4 लोगों की हत्या कर दी थी। इस हमले में 15 लोग घायल भी हुए थे। यह हमला फ्रांस और स्पेन की सीमा पर स्थित शहर कारकासोने में किया गया था। बाद में पुलिस ने ऑपरेशन चलाकर मौके पर ही हमलावर को ढेर कर दिया था।