पंजाब : क्षत-विक्षत हालत में मिला लापता महिला का शव, धारदार हथियार से की गई हत्या

पंजाब के खन्ना के पास कोट सेखों गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जिसमें 13 मार्च से लापता एक महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, महिला की धारदार हथियार से हत्या की गई है। हथियार भी लाश के पास पड़ा था और एक बैग में एक महिला के कपड़े पड़े थे। महिला के सिर का ऊपरी हिस्सा और एक हाथ काटा गया है। डीएसपी हरदीप सिंह चीमा ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की बात सामने आई है। हर पहलू से जांच की जा रही है। मामले में जो भी आरोपी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 40 वर्षीय चरणजीत कौर के रूप में हुई है। मृतका का पति जसपाल सिंह ट्रांसपोर्टर है। मृतका के देवर गुरदीप सिंह ने कहा कि उसकी भाभी 13 मार्च से गायब थी। उन्हें शक था कि गांव का सुखविंदर सिंह चरणजीत कौर को अपने साथ ले गया था। बुधवार को उसका शव गांव में मिला। मृतका के पति जसपाल सिंह ने कहा कि गांव के सुखविंदर सिंह ने पहले उनका भरोसा जीता और घर आना जाना शुरू कर दिया। 13 मार्च की शाम को उसकी पत्नी घर से चली गई। सुखविंदर सिंह ने उनसे कहा कि उन्हें एक दो दिन में खबर मिल जाएगी। इसलिए, उन्हें शक है कि सुखविंदर ने ही चरणजीत की हत्या की है। सुखविंदर खुद को बाबा कहता है।