उत्तरप्रदेश : दवा लेने निकली महिला को पता नहीं कैसे पहुंची वह दुसरे गांव, जताई गई दुष्कर्म की आशंका

उत्तरप्रदेश के महराजगंज जिले के श्यामदेउरवां थानाक्षेत्र के परतावल टोला देवीपुर में शुक्रवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां दोपहर को एक 35 वर्षीय महिला अचेतावस्था में बरामद हुई। हैरानी की बात यह हैं कि महिला दूसरे गांव की हैं और उसे पता भी नहीं है कि वह यहां कैसे पहुंची। स्थानीय लोगों द्वारा उसके साथ दुष्कर्म होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बाद महिला को सीएचसी परतावल पहुंचाया। सीएचसी परतावल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर सुनील कुमार राय ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर मामला स्पष्ट होगा। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के एक गांव की रहने वाली महिला शुक्रवार सुबह आठ बजे वह दवा लेने सुधियानी गई थी। उसके बाद वह कैसे देवीपुर पहुंच गई उसे पता भी नहीं चला। दोपहर लगभग 12:30 बजे श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के देवीपुर नहर पुल के पास वह अचेतावस्था में मिली। स्थानीय लोगों ने उसे सीएचसी परतावल पहुंचाया और इसकी सूचना पुलिस को दी। होश आने पर उसने अपना नाम पता बताया। इलाज के बाद जांच के लिए उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची श्यामदेउरवां पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। घटना वाले स्थान पर शराब की शीशियां पड़ी थीं।