मध्यप्रदेश : जन्मदिन की पार्टी में बुला महिला पुलिसकर्मी से किया सामूहिक दुष्कर्म, दो गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के नीमच से एक शर्मनाक मामला सामने आया हैं जहां जन्मदिन की पार्टी में बुला महिला पुलिसकर्मी से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और पीड़िता को धमकाते रहे। इस मामले में 5 के खिलाफ मामला दर्ज किया गया हैं और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया हैं। पीड़िता का कहना है कि मुख्य आरोपी की मां और एक रिश्तेदार उसे जान से मारने की धमकी देते थे। साथ ही, पैसे की मांग करते थे। बता दें कि पीड़िता पहले नीमच में ही तैनात थी, लेकिन अब इंदौर में कार्यरत है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, यह वारदात करीब एक महीने पहले हुई थी। इस मामले में पीड़िता ने 13 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। इनमें मुख्य आरोपी की मां भी शामिल है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया।

यह जानकारी महिला पुलिस थाने की इंचार्ज अनुराधा गिरवाल ने दी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पीड़िता के साथ दोस्ती की थी और अप्रैल में व्हाट्सएप पर बात करने लगा। उसने अपने छोटे भाई के जन्मदिन की पार्टी में बुलाया। वहां तीन लोगों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि मुख्य आरोपी, उसके भाई और एक अन्य शख्स ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उस दौरान आरोपियों ने घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया।