हरियाणा : युवक से हुआ झगड़ा तो महिला ने लगा लिया होटल कमरे के शौचालय में फंदा

कई बार आपसी विवाद इतना बढ़ जाता हैं कि इंसान को सोचने की समझ ही समाप्त हो जाती हैं और वे अपने साथ ही कुछ गलत कई बैठते हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला हरियाणा के भिवानी में जहां बस स्टैंड के नजदीक एक होटल में महिला अपने पुरुष मित्र के साथ थी तभी उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया तो महिला ने होटल कमरे के शौचालय में जाकर फंदे से लटक अपनी जान दे दी। महिला ने कमरे के बाथरूम में ही चुन्नी को शावर से बांध फंदा लगा लिया।

महिला ने काफी समय तक बाथरूम का दरवाजा नहीं खोला तो युवक ने होटल कर्मचारियों की सहायता से दरवाजा तोड़ा तो वह अंदर फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर औद्योगिक थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद महिला के शव को उतारा गया। सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया। साथ ही महिला के परिजनों को भी सूचित कर बुलाया गया।

मामला गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे का है। कैरू क्षेत्र की करीब 40 वर्षीय महिला की घर में ही दुकान है और वह अक्सर सामान खरीदने भिवानी आती थी। वहीं गांव का ही करीब 38 वर्षीय युवक उसका मित्र था। दोनों ने सुबह करीब 11 बजे बस स्टैंड के सामने एक होटल में कमरा बुक किया। दोनों दिनभर कमरे में रहे। शाम करीब साढ़े चार बजे दोनों ने चाय भी पी। इसी दौरान दोनों की कहासुनी हुई। इसके बाद महिला ने बाथरूम में जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।