गाजियाबाद : हत्या के बाद झाड़ियों में फेंका गया महिला का शव, गले में बंधा था लाल रंग का दुपट्टा

गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद इलाके में तब सनसनी मच गई जब गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे कनावनी में हिंडन नहर के किनारे एक फार्म हाउस की रोड पर एक महिला का शव झाड़ियों में मिला। आशंका हैं की महिला की हत्या करके शव को यहां फेंका गया। निजी फार्म हाउस के लोगों ने शव मिलने की सूचना इंदिरापुरम पुलिस को दी। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। महिला की उम्र करीब 35 वर्ष है। महिला के गले में लाल रंग का दुपट्टा बंधा मिला है। महिला की शिनाख्त के लिए उसके फोटो सभी थानों, जीआरपी व अन्य जगहों पर भेज दिए गए हैं। एसएचओ संजय पांडेय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जा सकेगा।

चेहरे पर खून और गले पर नीले निशान मिले हैं। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह और एसएचओ संजय पांडेय ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच पड़ताल की। फार्म हाउस में सीसीटीवी कैमरे लगे थे। लेकिन खराब होने की वजह से घटना और आरोपी उसमें कैद नहीं हो सके। जांच के दौरान महिला के शव के पास से कोई कागज भी नहीं मिला। जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस का कहना है कि महिला की किसी दूसरी जगह पर हत्या कर उसका शव यहां झाड़ियों में फेंका गया है।