मध्यप्रदेश : शादीशुदा महिला के नए प्यार में अड़चन बन रहा था पुराना प्रेमी, साजिश रच कराई हत्या

मध्यप्रदेश के रीवा से दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया हैं जहां शादीशुदा महिला के नए प्यार में अड़चन बन रहे पुराने प्रेमी की साजिश रचकर गोली मार हत्या कर दी गई। घटना चाकघाट थाना इलाके के कोरांव गांव की है। शव दो दिन पहले मिला था। जिसके बाद जांच में पुलिस ने मामले का खुलासा किया हैं। 40 साल की महिला का नया बॉयफ्रेंड उससे उम्र में 15 साल छोटा यानी 25 साल का है। पुराना बॉयफ्रेंड भी 10 साल छोटा था। चाकघाट पुलिस ने महिला, उसके नए बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक, कट्टा, कारतूस के 3 खोखे और 2 मोबाइल जब्त किए हैं।

चाकघाट थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौर ने बताया कि 3 फरवरी को संतलाल आदिवासी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि राकेश उर्फ कल्लू आदिवासी (30) 2 फरवरी की शाम से घर से लापता था। इसी बीच तीन फरवरी की सुबह उसकी लाश कोरांव में नहर किनारे सड़क पर पड़ी मिली थी।

SSP नवनीत भसीन ने 4 फरवरी को घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अशोक मांझी (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बताया कि उसने और अनीता आदिवासी (40) ने राकेश की हत्या की है। अशोक गंथा गांव का रहने वाला है। अनीता रायपुर बस्ती सोनौरी, थाना सोहागी की रहने वाली है। अनीता शादीशुदा है। उसका अफेयर पहले राकेश के साथ था। बाद में वह अशोक को दिल दे बैठी, लेकिन राकेश इसमें अड़चन बन रहा था। दोनों ने उसे ठिकाने लगाने की साजिश रची। अशोक ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।