दिल्ली : पति के शराब पीने की लत बनी घरेलू विवाद का कारण, पत्नी पर किए चाकू से कई वार

शराब का नशा जब कंट्रोल से बाहर हो जाए तो इंसान पर हावी हो जाता हैं और उसे शैतान बनने को मजबूर कर देता हैं। इसका एक नजारा देखने को मिला दिल्ली के नेबसराय इलाके में जहां घरेलू विवाद में एक पति ने पत्नी पर चाकू से कई वारकर उसे घायल कर दिया। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और लहुलूहान अवस्था में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। नेबसराय पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी पति को इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे गई है।

दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिंकी अपने पति विकास व बच्चों के साथ स्कूल रोड, खानपुर में रहती है। पति शराब पीने का आदि है। वह सारे पैसे शराब पर उड़ा देता था। पति की शराब पीने की लत के कारण दोनों में झगड़ा होता रहता था। दस अगस्त को दोनों में इसी बात पर झगड़ा हो गया। पति विकास ने रसोई में रखे चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। पति ने पत्नी पर चाकू से पांच वार किए और उसके बाद फरार हो गया। महिला के चिल्लाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और महिला को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया।