पश्चिम बंगाल में एक दिन में 37 मौतें, पंजाब-दिल्ली में भी बढ़ रही मौतों की संख्या

पश्चिम बंगाल में गुरुवार को 10,959 नए केस मिले हैं। इस दौरान 17,815 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 37 लोगों की मौत हुई है। यहां बुधवार को 11,447 नए केस मिले और 38 लोगों की मौत हुई थी। यहां पॉजिटिविटी रेट 16.27% है। राज्य में अब तक कुल 19.39 लाख केस मिले हैं, जबकि 17.74 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं। कुल 20,230 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 1,44,809 हैं।

उधर, 15-18 साल के बच्चों के कोरोना टीकाकरण के मामले में पश्चिम बंगाल देश में सबसे पीछे है। यह बात गुरुवार को नई दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही गई। राज्य में केवल 53% किशोरों को ही टीका लगाया गया है। देश में कोरोना के सक्रिय मामलों में पश्चिम बंगाल टॉप 10 राज्यों में है।

पंजाब: बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा

पंजाब में बीते दिन 7,862 संक्रमित मिले हैं और 36 ने दम तोड़ दिया। इससे पहले बुधवार को 7,717 संक्रमित मिले थे और 29 की मौत हुई थी। अब तक राज्य में 6.92 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.28 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,882 लोगों की मौत हो गई। एक्टिव केस 47,400 और पॉजिटिविटी रेट 18.75% है।

दिल्ली: डेली केस में गिरावट, मौतें बढ़ी

दिल्ली में बीते दिन यानी गुरुवार को डेली केस में गिरावट देखी गई। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 12,306 नए संक्रमित मिले हैं और 43 मौतें दर्ज की गई। इससे एक दिन पहले बुधवार को 13,785 नए कोविड मामले सामने आए थे 35 मौतें दर्ज की गई थी। गुरुवार का आंकड़ा 12,306 रहा। पॉजिटिविटी रेट 21.48% दर्ज किया गया। राजधानी में एक्टिव केस घटकर 68,730 रह गए हैं। इससे पहले बुधवार को 75,282 एक्टिव केस थे। दिल्ली में गुरुवार को कोरोना से 43 मौतों का आंकड़ा दूसरी लहर यानी 10 जून के बाद सबसे ज्यादा है। पिछले साल 10 जून को दिल्ली में 44 लोगों की जान गई थी। हालांकि, रोजाना के केसेस में 11% की कमी दर्ज की गई है।