अलर्टः 6 राज्यों में आज भी आ सकता है तूफान, चल सकती हैं 50 से 60 किमी रफ्तार की हवाएं

मौसम विभाग ने सोमवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी दी है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। वहीं इससे पहले रविवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में आंधी के साथ बारिश ने जमकर कोहराम मचाया। इस आंधी और तूफान के कारण देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 75 हो गई है। उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश के कई हिस्सों में आई तेज आंधी से हुए जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया।

6 राज्यों में आज चल सकती हैं 50 से 60 किमी रफ्तार की हवाएं

सोमवार और मंगलवार को उत्तरी भारत के पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि हो सकती है और राजस्थान में धूल भरी आंधी आने की आंशका है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश के नागरिकों को तूफान से बुधवार को राहत मिल सकती है लेकिन पूरे हफ्ते कमजोर तूफान और बारिश के साथ ही हल्की हवाओं का सामना करना पड़ेगा। दक्षिण में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक के आंतरिक क्षेत्र, तमिलनाडु और पुडुच्चेरी में सोमवार को तूफान आने की आशंका है। मंगलवार को तूफान गतिविधि ओडिशा और कर्नाटक के आंतरिक क्षेत्र तक ही सीमित रहेंगी। रविवार को देशभर में तेज आंधी के साथ ही तेज बारिश, बिजली गिरना और धूलभरी आंधी चली थी।

उत्तर प्रदेश में 50 की मौत


उत्तर प्रदेश के राहत व बचाव कार्य के कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि प्रदेश में आंधी और बारिश से अब तक 50 लोगों की मौत हो गई। जबकि 83 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे में सभी मुआवजा देने के आदेश दे दिये गए हैं।

वहीं पश्चिम बंगाल में आंधी के कारण चार बच्चों समेत कम से कम 12 लोग मारे गये। आंध्र प्रदेश में नौ और दिल्ली में दो लोगों की जान चली गई। जबकि बिहार के छपरा में भी दो लोगों की जान चली गई।