विराट-अनुष्का की बेटी को रेप की धमकी देने वाला गिरफ्तार, IIT पास आउट है आरोपी

दिग्गज भारतीय खिलाड़ी विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा की बेटी को रेप की धमकी देने वाले शख्स को मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने बुधवार को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम रामनागेश अकुबाथिनी है। उसने IIT हैदराबाद से बीटेक किया है। वह पेशे से इंजीनियर है और कुछ समय पहले तक फूड डिलिवरी एप के लिए काम करता था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अगुबथिनी को पुलिस अब मुंबई लेकर आ रही है।

कब दी थी धमकी

T-20 वर्ल्ड कप में भारत को लगातार हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के बाद टीम इंडिया, न्यूजीलैंड से भी मैच हार गई। इसके बाद खिलाड़ी आलोचकों के निशाने पर आ गए। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने विरोध की सीमा पार करते हुए खिलाड़ियों के परिवार को टारगेट करना शुरू कर दिया था। 24 अक्टूबर को भारत पाकिस्तान से मैच हार गया था। इसके बाद एक अनजान सोशल मीडिया अकाउंट से विराट कोहली की 9 महीने की बेटी वामिका के लिए अपशब्दों का प्रयोग करते हुए दुष्कर्म की धमकी दी थी। आरोपी ने ट्वीट करने के बाद अकाउंट डिलीट कर दिया था।

दिल्ली महिला आयोग ने दिखाई थी सख्ती

इस मामले में दिल्‍ली महिला आयोग की प्रमुख स्‍वाती मालीवाल ने भी सख्ती दिखाई थी। महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया था कि जिस तरह से 9 महीने की बच्ची को ट्विटर पर धमकियां मिल रही हैं वो वाकई शर्मनाक है। मालीवाल ने दिल्‍ली पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने दिल्‍ली पुलिस से FIR की जानकारी मांगी थी।