मंडी से कंगना रनौत के खिलाफ लड़ेंगे विक्रमादित्य सिंह, माँ प्रतिभा सिंह ने किया ऐलान

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे, उनकी मां और राज्य पार्टी प्रमुख प्रतिभा सिंह ने शनिवार को इस बात की घोषणा की। विक्रमादित्य सिंह अभिनेता कंगना रनौत के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे जिन्हें भाजपा ने मैदान में उतारा है। अपने बेटे की उम्मीदवारी के बारे में बात करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंडी के लोग हमेशा हमारे साथ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य के नाम की सिफारिश कांग्रेस आलाकमान के पास भेज दी गई है।

गौरतलब है कि विक्रमादित्य सिंह के मंडी से लड़ने का ऐलान उनकी मां और प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से किया गया है। हालांकि पार्टी की तरफ से आधिकारिक तौर पर अभी उनके नाम का ऐलान नहीं किया गया है। वहीं दूसरी तरफ आज हिमाचल प्रदेश के प्रत्याशियों को लेकर कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई है।

वैसे तो विक्रमादित्य सिंह और राज्य की सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार के बीच टकराव देखने को मिलता है लेकिन इस मुद्दे पर उन्होंने भी सहमति का संकेत दिया है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इसके संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि मंडी से हमें युवा नेता मिलेगा ये तय है।



वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह को सशक्त कैंडिडेट माना गया है। गौरतलब है कि फिलहाल इस सीट से प्रतिभा सिंह ही सांसद हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि हमें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कंगना क्या कर रही हैं या क्या बोल रही है। मंडी के लोग हमेशा हमारे साथ रहे हैं। मैंने कठिन परिस्थितियों में भी सीट जीती है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और विक्रमादित्य सिंह की मां प्रतिभा सिंह ने पहले ही यह ऐलान किया है कि वह चुनावी दौड़ से बाहर हो चुकी हैं। अब वह अपने बेटे को इस सीट से चुनाव लड़ाना चाहती हैं। बता दें कि अगर विक्रमादित्य सिंह मंडी से उम्मीदवार बनाए जाते हैं तो कांग्रेस के भीतर चल रहे आंतरिक टकराव को खत्म करने में मदद मिल सकती है। इसकी वजह यह है कि राज्यसभा चुनाव के बाद से ही क्षेत्रीय यूनिट में काफी गतिरोध देखने को मिला था।