बीच सड़क पर गाड़ी का हुआ एक्सीडेंट, हथियार छीनकर विकास दुबे ने की भागने की कोशिश, महज 10 मिनट में UP STF ने किया ढेर

कानपुर गोलीकांड का मास्टरमाइंड विकास दुबे का UP STF ने एनकाउंटर कर दिया। जिसमें उसकी मौत हो गई। एनकाउंटर कानपुर से महज 17 किलोमीटर दूर भौती नाम की जगह पर हुआ। कानपुर में यह एनकाउंटर सुबह 6:15 और 6:30 के बीच हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उजैन में गिरफ्तार विकास दुबे को उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम जिस गाड़ी में कानपुर ला रही थी, उसका एक्सीडेंट हो गया है। इस एक्सीडेंट के बाद विकास दुबे हथियार छीनकर भाग रहा था, तभी मुठभेड़ में वो मारा गया।

घटना के वक्त कानपुर में भौती इलाके में बारिश हो रही थी। बारिश हल्की थी। लिहाजा, संकरी सड़क पर कीचड़ की वजह से तेज रफ्तार गाड़ी पलटी। विकास पिछली सीट पर बीच में बैठा था। उसके दोनों तरफ एसटीएफ के जवान थे। गाड़ी पलटी तो विकास ने भागने की कोशिश की। एक पुलिसकर्मी की 9 एमएम की पिस्टल लेकर भागा। पलटकर गोली चलाई। एसटीएफ की जवाबी फायरिंग में एक गोली उसकी कमर और दूसरी सीने में लगी। घटना के वक्त विकास वही नीली धारी वाली फुल टी-शर्ट और लोअर पहने था, जो उसने गुरुवार को उज्जैन में गिरफ्तारी के वक्त पहने नजर आया था।

महज 10 मिनट चले इस एनकाउंटर में विकास दुबे की मौत और 4 पुलिस वाले घायल हो गए। इनमें एक इंस्पेक्टर, एक एएसआई और दो सिपाही शामिल हैं। घायल पुलिस वालों को लाला लाजपत राय अस्पताल भर्ती किया गया है। ये अस्पताल घटनास्थल से करीब बीस मिनट की दूरी पर है। जिस जगह पर ये एक्सीडेंट हुआ है, वहां मौजूद लोगों ने कहा कि गाड़ी पलटने के बाद उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी थी। लेकिन तुरंत वहां से लोग चले गए।