दूल्हे की हेयर विग देख दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बैरंग लौटी बारात

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में शादी के कार्यक्रम में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दुल्हन के सामने दूल्हे की पोल खुल गई और वधु ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद वर-वधु के बीच मारपीट तक की नौबत भी आ गई। हांलाकि लोगों ने बीच बचाव कर बातचीत की। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। बातचीत शुरू हुई लेकिन विदाई तक बात नहीं पहुंच पाई। हालांकि बाद में पूरा हिसाब लिखित में होने के बाद वर पक्ष बिना दुल्हन के वापस लौट गया। जिसमें वर पक्ष कन्या पक्ष को 5 लाख 60 हजार रुपये जो खर्चा हुए हैं वो देगा। वहीं कन्या पक्ष लड़के वालों के सामान वापस करने पर सहमति बनी, जिसके बाद बारात बैरंग वापस लौट गई।

दरअसल, सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के परियर गांव निवासी एक व्यक्ति की बेटी की आवास विकास कॉलोनी थाना कल्याणपुर कानपुर नगर से बारात आई थी। जयमाल आदि होने के बाद सात फेरों के समय चक्कर आने के बाद दुल्हा बेहोश होकर गिर गया। इस बीच दुल्हन के भाई ने दूल्हे के चेहरे व सिर पर पानी के छीटें मारे और सिर सहलाने लगा, तभी हेयर विग निकल कर हाथ में आ गई। यह देख वहां मौजूदा लोगों को हंसी आ गई और दुल्हन पक्ष ने धोखा देने की बात कहकर दूल्हे को ही बंधक बना लिया। इसके बाद दुल्हन व परिजनों ने फेरे लेने और विवाह करने से मना कर दिया।

दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष पर धोखा देने का आरोप लगाया है। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर परियर चौकी प्रभारी रामजीत यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दूल्हे के सिर पर विग लगी देखने के बाद दुल्हन पक्ष शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष में लिखित में समझौता हुआ। जिसमें वर पक्ष कन्या पक्ष को 5।60 लाख रुपये जो खर्चा हुए हैं वो देगा। वहीं कन्या पक्ष लड़के वालों के सामान वापस करने पर सहमति बनी। जिसके बाद बारात बैरंग वापस लौट गई।