UP News: छात्र को प्यार करने की मिली सजा, दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटा

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक छात्र को प्यार करने पर उसके ही मोहल्ले में बुरी तरह से दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीटा गया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई है। छात्र की पिटाई होती देखकर मोहल्ले वालों ने पुलिस को फोन कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पिटाई का वीडियो भी सामने आया है।

दरअसल, मामला हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव सपनापत का है। यहां के एक लड़के का लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह अक्सर लड़की से मिलता रहता था। यह बात लड़की के रिश्तेदारों को गवारा नहीं थी। छात्र मोहल्ले से ट्यूशन के लिए जा रहा था तभी दबंगों ने उसे रास्ते में रोक लिया। बताया जा रहा है कि दबंग छात्र को अपहरण कर एक मकान की तरफ ले जा रहे थे। जब छात्र ने इसका विरोध किया तो दबंगों ने उसकी लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी।

दबंगों ने लड़के पर जमकर लात व थप्पड़ बरसाए। बाल पकड़कर घसीटा। उसके बाद गांव में उसका जुलूस निकाला। युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा। युवक के घर के दरवाजे पर भी आरोपी उस पर ठंडे बरसाते रहे। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सीओ धौलाना तेजवीर सिंह ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।