UP News: शादी की जिद पर अड़ी थी गर्लफ्रेंड, पीछा छुड़ाने के लिए शख्स ने यमुना में दे दिया धक्का

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गर्लफ्रेंड से पीछा छुड़ाने के लिए लड़के ने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। लड़की आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा की रहने वाली थी। वह आरोपी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी लेकिन लड़का पहले से शादीशुदा था। आरोपी का नाम आसिफ है। आसिफ ने झांसे में लेकर लड़की से 10 तोला सोना हड़प लिया। जब तस्लीमा ने आसिफ पर शादी के लिए दबाव बनाया तो वह उसे घुमाने के बहाने हथिनीकुंड बैराज पर ले गया। मौका देखते ही उसने ग्रर्लफ्रेंड को यमुना में धक्का दे दिया। बताया जा रहा है कि युवती को झांसे में लेकर आसिफ उसे विजयवाड़ा से सहारनपुर ले आया था।

आसिफ पहले से शादीशुदा होने की वजह से उसने तस्लीमा को एक किराए के घर में रखा हुआ था। जब उसने आसिफ से शादी करने की बात कही तो उसने कह कहकर टाल दिया कि पहले वह अपनी पत्नी को तलाक देगा। इसके बाद शातिर आसिफ ने अपने दोस्त के साथ मिलकर तस्लीमा से पीछा छुड़ाने का खौफनाक प्लान बनाया। झाड़-फूंक का काम करने वाला आसिफ उसे घुमाने के बहाने यमुना किनारे लेकर पहुंचा। मौका देखते ही उसे पानी में धक्का देकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस को अब तक लड़की का शव बरामद नहीं हुआ है।

तस्लीमा की गुमशुदगी का मामला विजयवाड़ा में भी दर्ज है। आंध्र प्रदेश पुलिस ने यूपी पुलिस के साथ मिलकर आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। SSP चिनप्पा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर हैदराबाद पुलिस ने हवाले कर दिया गया है। वहीं लड़की के शव की तलाश की जा रही है।

ऐसे हुआ खुलासा

हत्या की घटना का खुलासा आसिफ के दोस्त तय्यब की गिरफ्तारी के बाद हुआ। सख्ती से पूछताछ करने के बाद वह टूट गया और उसने सारा सच बोल दिया। वहीं पुलिस ने आसिफ को गिरफ्तार कर उसके पास से तस्लीमा का 10 तोला सोना भी बरामद कर लिया है। आसिफ ने पुलिस के सामने अपना जुल्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आसिफ का मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाई शुरू कर दी है।