यूपी / बाइक-स्कूटी की टक्कर के बाद पीछे से आ रही बोलरो हुई बेकाबू, पुल से टकराई, 5 लोगों की मौत, एक घायल

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सोमवार आधी रात बाइक और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। इस बीच, पीछे से आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई। हादसा लार-सलेमपुर मार्ग पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सलेमपुर की तरफ से आ रही एक बाइक और स्कूटी के बीच पहले टक्कर हुई। इसी बीच पीछे से आ रही बोलरो बेकाबू होकर पुल से टकरा गई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई।

दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मरने वालों में तीन की पहचान हो गई है। दो की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। शवों का आज पोस्टमार्टम किया जाएगा।

लार थाने के एसओ टीजे सिंह ने बताया कि मौके पर 6 लोग अचेतावस्था में पड़े थे। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल एक शख्स को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मरने वालों में एक की पहचान लार थाना क्षेत्र के रावत पार अमेठिया निवासी राजन सिंह, कपरौली निवासी प्रमोद यादव, गोरखपुर के सहजनवा निवासी प्रिंस तिवारी के रूप में हुई है। बाकी 2 की पहचान नहीं हो सकी है।