प्रयागराज में प्रियंका गांधी की डुबकी, नाव में सवारी के दौरान उतार दी लाइफ जैकेट

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को प्रयागराज पहुंचीं। प्रयागराज के अपने दौरे पर पुरखों की कार्यस्थली आनंद भवन में बैठक करने के बाद संगम पर बेटी के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिना लाइफ जैकेट नाव की सवारी भी कर ली। जिसके बाद से वहां पर उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर दोपहर करीब दो बजे पावन त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगाई। बेटी मिराया और बेटे रेहान ने भी साथ में डुबकी लगाई। आराधना मिश्रा मोना और दिल्ली से साथ आईं दो अन्य सहयोगियों ने भी स्नान किया।

प्रियंका सबसे पहले नेहरू-गांधी परिवार के पैतृक आवास आनंद भवन गईं। यहां उन्होंने अपने परदादा और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के स्मृति स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। यह वही जगह है, जहां संगम में विसर्जन से पहले नेहरू की अस्थियां रखी गई थीं। प्रियंका ने आनंद भवन स्थित अनाथालय में बच्चों के साथ भी कुछ समय बिताया। इस दौरान वे एक बच्ची को गोद में लिए हुए नजर आईं। संगम में स्नान के बाद प्रियंका गांधी मनकामेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती से मुलाकात की है। इस दौरान शंकराचार्य ने उन्हें प्रसाद, शॉल व ज्योर्तिमठ की एक पुस्तक भेंट की।

प्रियंका के दौरे पर प्रयागराज के IG केपी सिंह ने कहा था कि मौनी अमावस्या पर हम किसी को भी VIP ट्रीटमेंट नहीं देंगे। कोई प्रोटोकॉल नहीं है, वे एक सामान्य व्यक्ति की तरह आ सकती हैं और अनुष्ठान में हिस्सा ले सकती हैं।