पीलीभीत: सुहागरात से पहले गायब हुआ दूल्हा, दुल्हन का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में शादी के अगले ही दिन सुहागरात से पहले रहस्यमय तरीके से दूल्हा गायब हो गया। दूल्हे के अचानक गायब होने से दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। बताया जाता है कि गायब हुआ दूल्हा गांव का प्रधान भी है। पूरा मामला बिलसंडा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लगा तो परेशान परिजनों ने थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

दरअसल, गायब हुए दुल्हे का नाम लोकेन्द्र यादव है और वो इसी सिसैइया गांव का प्रधान भी है। 9 दिसम्बर को लोकेन्द्र की शादी हुई थी। न्यूज़18 की खबर के अनुसार बारात शाहजहांपुर के बंडा क्षेत्र के गांव मोहद्दीनपुर में बड़े धूमधाम से गई। खूब स्वागत सत्कार भी हुआ। 10दिसम्बर को दुल्हन लेकर लोकेन्द्र घर आ गये। रात को करीब 11 बजे के आसपास लोकेन्द्र ने दो लोगों को फोन किया। बातचीत करने के बाद लोकेन्द्र घर से निकला और फिर वापस लौट कर नहीं आया। शादी वाले घर में दूल्हे के अचानक गायब होने से अफरातफरी मच गई। रात को उसकी खोजबीन शुरू हुई। काफी मशक्कत करने के बाद भी कुछ पता नहीं चला। सुबह होते ही परिजन शिकायत लेकर थाने पहुंच गये, गायब हुए दूल्हे के बड़े भाई जोगेन्द्र की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोकेन्द्र की जिन लोगों से अंतिम बार बात हुई उनसे भी पूछताछ कर रही है।