UP News: बरेली में कर्ज से परेशान अधेड़ ने किया सुसाइड, कानपुर में जीका के 13 और मरीज मिले, नोएडा में 6 साल की बच्ची का पार्क में मिला शव

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में दो बार लॉकडाउन के चलते दुकान बंद होने और कर्ज से परेशान अधेड़ ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने बताया कि अधेड़ ने दो दिन पहले भी सुसाइड की कोशिश की थी। उस दौरान वह किस्मत से बच गए थे।

जीका वायरस से कानपुर में दहशत

कानपुर में जीका वायरस में मरीज लगातार बढ़ते जा रहे है। आज 13 नवंबर को 13 जीका पॉजिटिव मरीज मिले। आज मिले मरीजों के बाद कानपुर में दहशत फैल गई है। अब तक कानपुर में जीका के 121 मरीज मिल चुके हैं। आज आई रिपार्ट में 4 लोग एयरफोर्स कर्मी हैं। शहर में जीका का पहला केस 23 अक्टूबर को सामने आया था।

घर के बाहर खेलते समय हो गई गायब

नोएडा में शनिवार सुबह एक 6 वर्षीय बच्ची का शव श्रमिक कुंज-2 के सामने वाले पार्क में पड़ा मिला। बच्ची गुरुवार को फेस टू स्थित अपने घर के बाहर खेलते समय गायब हो गई थी। परिजनों की ओर से थाने में बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। 11 नवंबर को थाना फेस-2 क्षेत्र के राम कुमार शर्मा की 6 साल की बेटी हनी शर्मा गायब हुई थी। राम कुमार के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे के आसपास वह घर के बाहर खेल रही थी। खेलते-खेलते कहीं चली गई। पुलिस और परिजनों ने बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह बच्ची का शव पार्क में मिलने से सनसनी फैल गई।