देश की संपत्तियों को लगातार बेच रही मोदी सरकार : संजय सिंह

उत्तर प्रदेश के मेरठ में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह (MP Sanjay Singh) ने चैम्बर ऑफ कॉमर्स में पार्टी बैठक के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपने कार्यकाल मे लगातार देश की सम्पत्तियों को बेच रही है। देश के लोगों ने अगर इसका विरोध नहीं किया तो ये लोग देश को पूरी तरह से बेचकर झोला उठाकर चले जायेंगे। फिर आप और हम किसी प्राइवेट लिमिटेड के अधीन होकर रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुरखों की विरासत को बेचने वाला कपूत और बढ़ाने वाला सपूत कहलाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार कृषि कानूनों की आड़ मे किसानों की जमीन, खेती को बेचने की साजिश कर रही है।

सांसद ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'अगर भाजपा सरकार का कृषि कानून किसानों के लिए वाकई लाभदायक है तो योगी जी उत्तर प्रदेश मे पंचायत चुनाव को सिम्बल पर कराएंये और गांव-गांव जाकर इस कानून के फायदे किसानों को बताएं।'

आपको बता दे, 28 फरवरी को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मेरठ में महापंचायत को संबोधित करेंगे। इसे लेकर आप सांसद संजय सिंह आजकल यहीं डेरा डाले हुए हैं। पंचायत को सफल बनाने को लेकर आप कार्यकर्ता भी एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं। केजरीवाल की महापंचायत से पहले 27 फरवरी को रालोद नेता जयंत चौधरी भी एक किसान पंचायत को संबोधित करेंगे। आपको बता दे, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी मेरठ में किसान पंचायत कर सकती हैं।