बहन ने कुत्तों के लिए नहीं बनाया खाना, नाराज भाई ने मारी गोली, कहा - रोज झगड़ा करती थी, इसलिए मार डाला

मेरठ में गंगा सागर कॉलोनी के पास कैलाश वाटिका में एक युवक ने अपने बहन की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने कुत्तों का खाना बनाने से मना कर दिया था। युवक का कुत्तों का व्यापार है और अपनी बहन पर सभी कुत्तों का खाना बनाने के लिए रोज दबाव बनाता था। इसी बात को लेकर आए दिन विवाद होता था। सोमवार रात को आरोपी ने बहन को दो गोली मारी और फरार हो गया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को देररात गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक गोली सिर में और दूसरी सीने में मारी

आरोपी का नाम आशीष है। आशीष ने देरशाम करीब 7:30 बजे अपनी बहन पारुल को 10 कुत्तों के लिए खाना बनाने को कहा। इसका पारुल ने विरोध किया और विवाद इतना बढ़ गया कि आशीष ने तमंचे से अपनी बहन के सिर पर पीछे से गोली मारी फिर एक गोली सीने में मार दी।गोली मारने के बाद आशीष फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने देररात घेराबंदी कर आरोपी आशीष को दबोच लिया। पुलिस हिरासत में खड़े आशीष को बहन की हत्या करने का जरा भी पछतावा नहीं था। आरोपी ने बताया कि उसने पारुल को दो गोलियां मारी थीं। साथ ही यह भी कहा कि रोज झगड़ा करती थी, इसलिए मार डाला।

हत्या के बाद परिजनों को किया फोन

हत्यारोपी आशीष ने हत्या करने के बाद अपने रिश्तेदारों और परिजनों को फोन किया। बताया कि पारुल को गोली से उड़ा दिया है। रोज का कलेश हो रहा था, इसलिए जड़ ही खत्म कर दी है। इसके बाद फोन काट दिया। रिश्तेदारों ने ही पुलिस को कॉल कर जानकारी दी।