उत्तर प्रदेश / CM हेल्पलाइन के BPO में हड़कंप, अब तक 88 स्टाफ कोरोना (+), सरकार ने नोटिस भेजकर पूछे ये तीन सवाल

कोरोना संक्रमण को लेकर उत्तर प्रदेश में सीएम हेल्पलाइन 1076 में कार्यरत कंपनी स्योरविन BPO को नोटिस जारी किया गया है। कंपनी पर लॉकडाउन के गाइडलाइन को दरकिनार करने का आरोप है। कंपनी के अब तक 88 कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।

नोटिस में पूछी ये तीन बातें

सीएमओ ने नोटिस में कंपनी से तीन प्रमुख बातें पूछी हैं।

पहली बात, क्या दफ्तर में सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन और मास्क का प्रयोग किया गया। अगर ऐसा नहीं किया गया तो यह लापरवाही क्यों बरती गई?

दूसरी बात, एक ही समय में बड़ी संख्या में कर्मचारियों को दफ्तर में क्यों बुलाया गया?

और अंतिम सवाल पूछा गया कि कंपनी ने कोविड-19 गाइडलाइन का पालन क्यों नहीं किया?
राज्य में रिकवरी रेट ज्यादा

बता दें, यूपी में लगातार बढ़ते कोरोना मामलों के बीच एक राहत की खबर भी आई है। यूपी में कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट में लगातार इजाफा हो रहा है। यानी यहां ज्यादा से ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक यूपी में अब रिकवरी रेट 61% से ज्यादा हो गई है। अपर मुख्य सचिव गृह, अवनीश कुमार अवस्थी और प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि अभी यूपी में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 5 हजार 64 है। राज्य में अब तक 8 हजार 610 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। इस तरह से राज्य का रिकवरी रेट 61.10 % है।प्रयागराज के पूर्व एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज कोरोना पॉजिटिव

उधर, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के पूर्व एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया जा रहा है। कोरोना के नोडल अधिकारी डा ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज को स्‍वरूपरानी नेहरू अस्पताल में आइसोलेट किया गया है।