पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में अगले 2 घंटे में हो सकती है भारी बारिश, ऑरेंज अलर्ट किया जारी

चक्रवाती तूफान निसर्ग कमजोर हो गया है लेकिन भारी बारिश के रूप में उसका असर अभी भी कई राज्यों में जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है। वहीं, झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।

दक्षिण भारत के राज्यों की बात करें तो कर्नाटक, केरल, गोवा, महाराष्ट्र, अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में शुक्रवार को आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खतरे को देखते हुए यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में बारिश से मौसम हुआ सुहावना

उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार को बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। राजस्थान में चक्रवातीय दबाव और पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश पर भी पड़ा है। इस वजह से आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। शनिवार से बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 2 घंटों के दौरान बारिश की संभावना है। बिजनौर, चांदपुर, हस्तिनापुर और अमरोहा समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग 10 जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए विभाग की तरफ से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बारिश का सिलसिला पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी रहेगा।

बारिश की संभावना वाले जिलों में गौतमबुद्धनगर, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, बुलंदशहर, मुरादाबाद आदि शामिल हैं। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में बिहार से सटे जिलों में बारिश का अनुमान है। हालांकि मौसम विभाग ने साथ ही अनुमान लगाया है कि आज 5 जून के बाद बारिश का सिलसिला थम जाएग क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होता जा रहा है।

6 जून से यूपी में मौसम साफ हो जाएगा जो अगले तीन-चार दिनों तक बना रहेगा। उसके बाद मौसम का कैसा स्वरूप रहता रहता है इसका अनुमान बाद में जारी किया जाएगा।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक प्रदेश में मानसून का आगमन भी अभी तक तय समय पर ही लग रहा है। 20 जून के आसपास पूर्वांचल के जिलों से प्रदेश में मानसून से प्रदेश में मानसून दाखिल होगा। हालांकि 6 जून से मौसम के साफ होने और धूप निकलने की वजह से तापमान और उमस दोनों में बढ़ोतरी होगी।