लखनऊ: अपाचे स्पोर्ट्स बाइक की जगह मिली स्प्लेंडर बाइक, आग बबूला हुआ दूल्हा, लौटी बारात तो दुल्हन ने लगाई फांसी

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में दूल्हे को मनपसंद स्पोर्ट्स बाइक नहीं मिली तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया और बारात वापस लौट है। इस घटना का सदमा दुल्हन बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह पूरा मामला लखनऊ के थाना माल क्षेत्र के नारायणपुर गांव का है। गुरुवार को अमर बहादुर और संध्या की शादी होनी थी।

दरअसल, अमित कुमार की भतीजी संध्या की शादी नौबस्ता स्नेह नगर के रहने वाले ठाकुर दीन के बेटे अमर बहादुर से होनी तय हुई थी। संध्या के पिताजी नहीं थे तो चाचा अमित कुमार शादी करवा रहे थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से वह दहेज में दूल्हे के द्वारा डिमांड की गई अपाचे स्पोर्ट्स बाइक नहीं दे सके। उसकी जगह उन्होंने होंडा स्प्लेंडर बाइक दे दी।

जयमाल के बाद दूल्हे की नजर जब बाइक पर पड़ी तब वह नाराज हो गया और दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। हालांकि लड़की पक्ष के लोग काफी देर तक दुल्हे को मनाते रहे, लेकिन उसने एक ना सुनी और मंडप से निकलकर रिश्तेदारों के साथ चला गया। इसके बाद बारात वापस लौट गई। मंडप में दूल्हे के द्वारा लाए गए जेवर पर लड़की पक्ष ने आपत्ति जताई और नाराजगी जाहिर की। उसको लेकर भी काफी देर तक कहासुनी चलती है। देर रात जब बारात लौट गई तो इस बात से दुल्हन काफी सदमे में चली गई। इसके बाद दुल्हन संध्या कमरे में जाकर फांसी के फंदे से लटकर अपनी जान दे दी। संध्या के आत्महत्या की खबर जैसे ही सामने आई तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस बीच दुल्हन पक्ष की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।