UP News: ललितपुर पहुंचीं प्रियंका गांधी, मृतक किसान के परिवार से की मुलाकात, हर संभव मदद का दिया भरोसा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज उत्तर प्रदेश के ललितपुर दौरे पर है। जहां उन्होंने मृतक किसान भोगी पाल के परिजनों से मुलाकात की। प्रियंका गांधी ने मृतक किसान के परिवार से बातचीत कर उनका हाल जाना। इस दौरान प्रियंका ने परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा भी दिया है। प्रियंका गांधी के इस दौरे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप जैन आदित्य भी उनके साथ है। बता दे, प्रियंका लगातार किसानों के मुद्दे को लेकर राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साध रही हैं।

ललितपुर जिले के जाखलौन थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी किसान भोगी पाल की मौत हो गई थी। वह जुगपुरा में स्थित एक फर्टिलाइजर स्टोर के बाहर दो दिन से लाइन खड़े थे। इस दौरान दिल का दौरा पड़ने के कारण उनकी मौत हो गई। असल में ललितपुर जिले में खाद का संकट है और पिछले दिनों ही किसानों ने वहां पर प्रदर्शन किया था।

इससे पहले प्रियंका गांधी ने 23 अक्टूबर को ट्वीट कर किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा था। उन्होंने ट्वीट में दो खबरें शेयर की थीं। एक खबर लखीमपुर खीरी की थी, जहां किसान के धान की खरीद नहीं हो पा रही थी, ऐसे में उसने मंडी में अपने धान में आग लगा दी।

उन्होंने इस दौरान ललितपुर का भी जिक्र किया था। उन्होंने ट्वीट किया था, 'खाद वितरण में कुव्यवस्था के चलते ललितपुर के एक किसान की लाइन में खड़े-खड़े मृत्यु हो गई। यूपी की भाजपा सरकार किसानों को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।'