UP News: पत्नी ने घर का दरवाजा खोलने में करी देरी, गुस्साए पति ने काट दिया गला

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से बेहद ही खौफनाक मामला सामने आया है। यहां, एक पति ने अपनी पत्नी की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने घर का दरवाजा खोलने में देर की। पति इस बात से नाराज हो गया और उसने धारदार हथियार से पत्नी का गला रेत दिया। हत्या करने के बाद पति काफी देर तक शव के पास बैठा रहा। सोमवार सुबह उसने थाने में सरेंडर कर दिया। आरोपी पति को पत्नी के चरित्र पर संदेह था इसलिए इसलिए गुस्से में उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। यह पूरा मामला रामपुरा थाना क्षेत्र के सुभाष नगर वार्ड नंबर 2 का है।

शादी समारोह से लौटा था पति

सुभाष नगर वार्ड नंबर 2 के रहने वाले शिवराज पाल का आए दिन अपनी पत्नी गीता (35 साल) से विवाद होता रहता था। रविवार की रात शिवराज एक शादी में गया था। सोमवार सुबह करीब 4 बजे वह घर वापस लौटा और उसने दरवाजा खटखटाया। लेकिन पत्नी गीता ने करीब आधे घंटे दरवाजा नहीं खोला। जिस पर पति को पत्नी पर शक हुआ और दोनों के बीच झगड़ा हुआ। झगड़ा इतना बढ़ गया कि शिवराज ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शिवराज बड़ी देर तक शव के पास ही बैठा रहा। सुबह होने पर वह थाने में सरेंडर करने पहुंच गया। जहां उसने पूरी घटना के बारे में पुलिस को बताई। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया। साथ ही घटनास्थल पर टीम के साथ पहुंचे। घर के बाहर खून से लथपथ शव पड़ा था। पुलिस का कहना है कि अभी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है।