UP Holi: CM योगी बोले- होली पर्व को कोरोना संक्रमण का कारण न बनने दे, अखिलेश ने कहा- सौहार्द से लगें गले, मायावती बोलीं- सादगी से सुरक्षित होली मनाएं

होली पर्व के मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों को कोरोना की गाइडलाइन का पालन करते हुए होली मनाने की अपील की है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी लोगों को होली की बधाई दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देता हूं। उत्साह और उमंग का यह पर्व प्रत्येक प्रदेशवासी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल का कारक बने। मेरी प्रदेशवासियों से अपील है कि हम हर्षोल्लास के इस पर्व को कोरोना संक्रमण का कारण नहीं बनने दें। उन्होंने कहा कि कोरोना की जो दूसरी लहर देखने को मिल रही है, उसके प्रति सावधानी बरतने की आवश्यकता है। विगत एक साल में देशवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना के खिलाफ बेहतरीन कार्य किया है। इस दिशा में उत्तर प्रदेश ने भी कई उपलब्धियां हासिल की है। इसलिए मेरी अपील है कि घर में रहकर सुरक्षित तरीके से होली मनाएं।

सादगी से सुरक्षित होली मनाएं: मायावती

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने देश के सभी लोगों को होली के त्योहार की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना प्रकोप का आतंक देश में फिर से बढ़ रहा है। ऐसे में सरकारी नियम-कायदों का सही से अनुपालन करते हुए 'जान है तो जहान है' के मंत्र के तहत सादगी से सुरक्षित होली मनाएं।

प्रेम-सौहार्द से एक-दूजे के गले लगें: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेशवासियों को होली पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि होलिका दहन एवं होली की सतरंगी शुभकामनाएं एवं बधाई। आइए भारतीय संस्कृति के बहुरंगी रंगों में रंग कर प्रेम एवं सौहार्द से एक-दूजे के गले लगें।

आपको बता दे, देश में कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे है। जिसके चलते कई राज्यों ने होली पर सार्वजनिक समारोह आयोजित करने पर रोक लगा दी गई है। दिल्‍ली, महाराष्‍ट्र, उत्‍तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, गुजरात, मध्‍य प्रदेश और चंडीगढ़ में होली के दौरान सार्वजनिक उत्‍सवों पर प्रतिबंध लगाया गया है।