हाथरस कांड / स्मृति पर सुरजेवाला का वार - CM योगी आदित्यनाथ को चूड़ियां भेंट कब करेंगी?

हाथरस कांड को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस लगातार यूपी की योगी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर हाथरस जा रहे हैं। केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी के हाथरस जाने को राजनैतिक रणनीति बताया है जिसके जवाब में कांग्रेस ने स्मृति ईरानी पर जोरदार वार किया है। कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि हाथरस की घटना के बाद वे सीएम आदित्यनाथ को चूड़ियां भेंट करने कब जा रही हैं।

बता दे, स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी के हाथरस जाने को एक राजनैतिक रणनीति बताई। उन्होंने कहा कि लोग जानते हैं कि राहुल गांधी का हाथरस जाना उनकी राजनीति का ही एक हिस्सा है और इससे पीड़िता को न्याय दिलाने का कोई संबंध नहीं है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि लोग कांग्रेस की रणनीति के बारे में जानते हैं, इसलिए उन्होंने 2019 में भाजपा के लिए ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित की। स्मृति ईरानी ने कहा कि जनता ये समझती है कि राहुल गांधी की हाथरस की तरफ कूच राजनीति के लिए है, इंसाफ के लिए नहीं।

स्मृति ईरानी की इस बयान के बाद कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर उनपर हमला किया। सुरजेवाला ने कहा, 'श्रीमती स्मृति ईरानी जी, सिर्फ इतना बताइए!, आदित्यनाथ को चूड़ियां भेंट करने कब जाएंगी?'

पीड़ित परिवार का नार्को टेस्ट पागलपन


इससे पहले सुरजेवाला ने हाथरस के पीड़ित परिवार का नार्को टेस्ट कराने के यूपी सरकार के फैसले पर हमला किया था। सुरजेवाला ने ट्वीट किया, 'हाथरस में पीड़ित दलित परिवार के नार्को टेस्ट की खबर आदित्यनाथ सरकार के पागलपन का जीता जागता सबूत है, पीड़ित बेटी का न इलाज हुआ, न न्याय मिला, रात को ढाई बजे पीड़ित बेटी का शव जलाया। पिता को धमकी दी गई। मोबाइल तक छीन लिया। गांव में मीडिया नहीं जा सकता। अधर्मी योगी इस्तीफा दो।'

सपा ने भी किया स्मृति ईरानी का विरोध

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का समाजवादी पार्टी ने भी विरोध किया है। स्मृति ईरानी शनिवार को किसान संवाद कार्यक्रम में शिरकत करने वाराणसी पहुंची थीं, यहां सर्किट हाउस पर समाजवादी पार्टी की महिला कार्यकर्ता धरने पर बैठ गईं। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी को चूड़ियां देना चाहती हैं।

क्या बेटियों का दर्द अब नहीं सुनतीं स्मृति


समाजवादी पार्टी की नेता पूजा यादव ने कहा कि हम लोग आज यहां स्मृति ईरानी को चूड़ियां देने आए हैं ताकि वह यह चूड़ियां प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दें। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि पहले स्मृति ईरानी महिलाओं के लिए बहुत बोलती थीं, अब बेटियों का दर्द उन्हें सुनाई नहीं दे रहा है। हाथरस में पीड़ित परिवार के दर्द सुनकर वह चुप क्यों हैं या सत्ता में आने के बाद अब उन्हें महिलाओं का दर्द नजर नहीं आ रहा है।

हाथरस के लिए रवाना हुए राहुल गांधी

आपको बता दे, राहुल गांधी हाथरस के लिए रवाना हो गए है। वो दिल्ली स्थित कांग्रेस दफ्तर से अन्य नेताओं के साथ निकल गए हैं। वहीं, दूसरी तरफ यूपी पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है। राहुल गांधी को हाथरस जाने से रोकने के लिए पुलिस ने डीएनडी पर बैरिकेड्स लगा दिए हैं। राहुल गांधी ने कहा है कि वह हाथरस के पीड़ित परिवार से मिलेंगे और उन्हें न्याय दिलाएंगे। दिल्ली से हाथरस जाने के लिए राहुल गांधी पूरे लाव-लश्कर के साथ निकले। राहुल की कार बहन प्रियंका गांधी खुद चला रही हैं। राहुल और प्रियंका के साथ 35 सांसदों का डेलीगेशन जा रहा है। अपने नेता को देख उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के लिए जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। डीएनडी पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। Dnd पर भीषण जाम को देखते हुए यातायात पुलिस ने टोल फ्री सर्विस लेन को फिलहाल खोल दिया है, जिससे 1 लेन में गाड़ियां दिल्ली से नोएडा की तरफ जाने लगी है। सांसद दो बसों में सवार हैं। नोएडा बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डीएनडी पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। नोएडा पुलिस ने डीएनडी पर सबसे आगे महिला पुलिस ने ह्यूमन चेन बनाई है। उसके पीछे पुरुष पुलिसकर्मियों की ह्यूमन चेन है। उसके बाद पुलिस के बैरिकेड हैं। चाकचौबंद व्यवस्था का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि डीएनडी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ज्यादा पुलिस तैनात है। नोएडा पुलिस का कहना है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश की सीमा में नहीं घुसने दिया जाएगा। इसके तहत डीएनडी पर ही नोएडा में प्रवेश करने से रोक दिया जाएगा।